नल-जल योजना पर विधानसभा में भाजपा MLA ने नीतीश के मंत्री को घेरा, चिराग के दो विधायकों के बीच भी तीखी नोकझोंक

रजनीश कुमार ने कहा कि “जल जीवन मिशन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है, लेकिन मेरे विधानसभा क्षेत्र में आधे से ज्यादा इलाकों में बिजली बिल और ऑपरेटर के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं होने के कारण योजनाएं बंद हैं।

Bihar  Assembly
Bihar Assembly - फोटो : news4nation

Bihar Budget :  हर घर नल-जल योजना को लेकर गुरुवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। बेगूसराय के तेघड़ा से भाजपा विधायक रजनीश कुमार ने पीएचईडी विभाग के जवाब पर गंभीर सवाल उठाते हुए सरकार पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 280 नल-जल योजनाओं में से अधिकांश रखरखाव के अभाव और ऑपरेटर को मानदेय नहीं मिलने के कारण बंद पड़ी हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नल-जल ऑपरेटर को मानदेय एकमुश्त दिया जाता है या मासिक आधार पर।

सरकार का जवाब भ्रामक

इस पर पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि 246 पंपों का संचालन पीएचईडी विभाग द्वारा किया जा रहा है, जबकि शेष योजनाएं पंचायती राज विभाग के अधीन हैं। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि यह उत्तर कई अहम बिंदुओं को स्पष्ट नहीं करता। उन्होंने दावा किया कि केवल 34 योजनाएं ही पंचायती राज विभाग के अंतर्गत आती हैं। ऐसे में बिजली बिल बकाया, ऑपरेटर का मानदेय और अन्य भुगतान सुनिश्चित कर लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि “जल जीवन मिशन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है, लेकिन मेरे विधानसभा क्षेत्र में आधे से ज्यादा इलाकों में बिजली बिल और ऑपरेटर के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं होने के कारण योजनाएं बंद हैं। सरकार का जवाब भ्रामक है।”


चिराग के दो विधायक भिड़े 

इधर, सदन में एलजेपीआर (विलास) के दो विधायकों के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। चेनारी से विधायक मुरारी गौतम ने अपने क्षेत्र में दूषित जल की समस्या उठाई। इसके जवाब में मुहुआ से विधायक और मंत्री संजय सिंह ने कहा कि वहां वाहन के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है।


इस पर मुरारी गौतम ने दावा किया कि उनके पास उस इलाके की तस्वीरें हैं। मंत्री ने कहा कि तस्वीर में पानी गिरते हुए दिखाई दे रहा है। इसी दौरान स्पीकर ने मुरारी गौतम को टोका, जिससे विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष के नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि “यह नहीं चलेगा।”


हंगामा बढ़ने पर मंत्री श्रवण कुमार ने सदन से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकर्ता के सवाल का जवाब दिया जा रहा है, धैर्य रखें। उन्होंने कहा कि बिना जवाब सुने हंगामा करना उचित नहीं है। अंत में मंत्री संजय सिंह ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

रंजन की रिपोर्ट