Bihar Weather: बिहार में आंधी-बारिश का कहर! पटना में सुबह से बादलों का डेरा, देर रात कई जिलों में तेज आंधी-पानी, आज भी बच कर रहें...

Bihar Weather: बिहार का मौसम अचानक करवट ले लिया है। पटना सहित कई जिलों में सुबह से ही बादलों का डेरा है। हल्की बारिश भी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सर्तक रहने को कहा है।

बारिश
पटना में बादलों का डेरा - फोटो : News4nation

Bihar Weather:  बिहार में आंधी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। पटना सहित 34 जिलों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और बारिश के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। गया, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और वैशाली सहित कई जिलों में रात 10 बजे के बाद तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई। जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी खबर है।

कई इलाकों में बिजली बाधित 

राजधानी पटना में आंधी के चलते राजापुर पुल, कंकड़बाग, दानापुर, पोलो रोड और रूपसपुर समेत कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। कंकड़बाग, बोरिंग रोड, डाक बंगला, आयकर गोलंबर और आशियाना जैसे प्रमुख क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, हालांकि कुछ घंटों बाद इसे बहाल कर दिया गया।

तेज आंधी का तांडव

आधी रात में पटना में करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के बीच मध्यम बारिश दर्ज की गई। आंधी के कारण रामनवमी के अवसर पर मौर्य लोक परिसर के पास बनाया गया अस्थायी गेट भी गिर गया, जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई और देर रात तक रास्ता बंद रहा। बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। 33 केवी के छह और 11 केवी के कई फीडर ब्रेकडाउन हो गए। पेड़ों की टहनियां और बैनर-पोस्टर गिरने से आपूर्ति बाधित रही। पेसू के जीएम दिलीप कुमार के अनुसार तेज हवाओं के कारण फीडर प्रभावित हुए, जिन्हें वैकल्पिक स्रोत से बहाल किया गया।

आज भी गरज चमक के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर जारी रहेगा। कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने बेगूसराय, भोजपुर, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पटना, समस्तीपुर, सारण और वैशाली के कुछ हिस्सों में अगले कुछ घंटों में ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई है। तेज हवा, वज्रपात और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

30 मार्च से बढ़ेगा पारा 

राजधानी पटना में सुबह से ही बादलों का डेरा है। तेज हवाओं के साथ थोड़ी थोड़ी देर पर हल्की बारिश भी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो आज और कल ऐसा ही मौसम बना रहेगा। आंधी-बारिश का यह दौर 29 मार्च तक जारी रह सकता है, जबकि 30 मार्च से मौसम के शुष्क होने की संभावना जताई गई है।