Emergency Landing: अचानक हवा में इंडिगो फ्लाइट का इंजन हुआ खराब, आनन-फानन में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, 160 यात्री थे सवार

Emergency Landing: विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट में इंजन में खराबी के कारण शनिवार सुबह हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई...

इंडिगो
इंडिगो की इमरजेंसी लैंडिंग- फोटो : social media

Emergency Landing: इंडिगो फ्लाइट की अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। विमान में उस समय 160 यात्री सवार थे। जानकारी अनुसार विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति बन गई। विमान को सुरक्षित रूप से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। 

160 यात्रियों की अटकी सासें 

राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 160 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट संख्या 6E 579 के एक इंजन में खराबी की आशंका के बाद सुबह 10:39 बजे एयरपोर्ट पर “पूर्ण आपातकाल” घोषित किया गया। इसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक, विमान ने सुबह 10:59 बजे सफलतापूर्वक लैंडिंग की।

अचानक हुई इमरजेंसी लैंडिंग 

लैंडिंग के लिए रनवे संख्या 28 को तैयार रखा गया था और सभी सुरक्षा इंतजाम पहले से कर लिए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 10:53 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। विमान के उतरते ही पूरी सतर्कता बरती गई। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

इंजन में आई खराबी 

बताया जा रहा है कि विमान ने विशाखापत्तनम से सामान्य रूप से उड़ान भरी थी, लेकिन दिल्ली के नजदीक पहुंचने पर पायलट को इंजन में गड़बड़ी का संकेत मिला। इसके बाद एहतियातन इमरजेंसी कॉल की गई। गौरतलब है कि IndiGo देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस कंपनियों में से एक है, जिसकी शुरुआत 2006 में हुई थी। कम किराए और समय पर सेवा के कारण यह एयरलाइन यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय है।