Bihar News: बिहार में भीषण हादसा, मेला देखकर आ रहे 3 दोस्तों की मौत, 1 लापता, नदी में गिरी कार

Bihar News: बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को मातम में डुबो दिया। चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अब भी लापता है।

नदी में गिरी कार
4 लोगों की मौत - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार के मधेपुरा जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है। यह घटना अरार थाना क्षेत्र में अरार पुल के पास हुई, जहां अनियंत्रित कार पोल तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। मिली जानकारी के अनुसार, कार में चार युवक सवार थे, जो ग्वालपाड़ा से रामनवमी का मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे। 

सड़क हादसे का शिकार हुए 4 दोस्त 

सभी दोस्त रात करीब 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे। देर रात लगभग एक बजे अरार पुल के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीन युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए, जबकि चौथे युवक की तलाश जारी है।

3 की मौत 1 की तलाश 

मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी घनश्याम कुमार (28), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र निवासी अंकित कुमार (26) और सौर बाजार थाना क्षेत्र निवासी वसंत कुमार (23) के रूप में हुई है। चौथे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्वालपाड़ा में रामनवमी के मौके पर मेला लगा हुआ था। 

पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी कार 

मेला देखकर लौटते समय यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुल की रेलिंग टूट गई और कार सीधे नदी में जा गिरी, जिससे चारों युवक पानी में डूब गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।