Bihar Police Attack: सड़क हादसे के बाद पुलिस-ग्रामीणों में झड़प, पुलिस पर बरसी लाठियां, दो जवान घायल
Bihar Police Attack: हादसे के बाद भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और कुछ ग्रामीण पुलिस से उलझ पड़े। लाठी-डंडों से लैस लोगों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया।...
Bihar Police Attack: गयाजी में सड़क एक बार फिर खूनी रास्ता बन गई, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा ने खुशहाल सफर को मातम में बदल दिया। मोहनपुर थाना क्षेत्र के नहाटा गांव के पास हुए इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइक पर सवार दंपति को हाईवा ने जोरदार टक्कर मारी, और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर सीधे हाईवा के पहिए के नीचे आ गई। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति किस्मत से बाल-बाल बच गया।
मृतका की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के जानी बिगहा निवासी सुमित्रा देवी के रूप में हुई है, जो अपने पति ललन यादव के साथ ससुराल लौट रही थीं। लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। आक्रोश इतना बढ़ा कि मोहनपुर-बाराचट्टी मार्ग पूरी तरह ठप हो गया। लोगों का गुस्सा कानून व्यवस्था पर फूट पड़ा और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। जैसे ही जाम की सूचना पुलिस को मिली, मोहनपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की।
लेकिन मामला यहीं नहीं थमा भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और कुछ ग्रामीण पुलिस से उलझ पड़े। देखते ही देखते माहौल रणक्षेत्र में बदल गया। लाठी-डंडों से लैस लोगों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे पुलिसकर्मियों को घेरकर उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों को मगध मेडिकल अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा है कि उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है आखिर कब तक सड़कों पर यूं ही मौत का तांडव चलता रहेगा?
रिपोर्ट- मनोज कुमार