Bihar Accident:दूल्हे की गाड़ी ने मासूम को रौंदा, पटना में इलाज के दौरान मौत, गांव में कोहराम

Bihar Accident: बारात के दौरान दूल्हे की गाड़ी की चपेट में आकर 6 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई।...

Groom Car Runs Over Child Victim Dies in Patna Hospital
दूल्हे की गाड़ी ने मासूम को रौंदा- फोटो : reporter

Bihar Accident: भोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह की चहल-पहल अचानक गहरे मातम में बदल गई। सिकरहटा थाना क्षेत्र के पनवारी गांव में मंगलवार को आई बारात के दौरान दूल्हे की गाड़ी की चपेट में आकर 6 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई।

मृतका की पहचान संतोष पासवान की बेटी रिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बारात पीरो से आई थी और सड़क किनारे दूल्हे की गाड़ी खड़ी थी। उसी दौरान रिया अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक गाड़ी के सामने आ गई और तेज टक्कर लगते ही सड़क पर गिर पड़ी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के सिर, पंजरी और पैर में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। मासूम की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया।

रिया अपने परिवार में पांच बहनों में तीसरे नंबर पर थी। मां सुभांति देवी और बहनों खुशबू, सरिता और दिव्या के साथ उसका गहरा लगाव था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। फूफा विक्की कुमार ने बताया कि यह हादसा बेहद दर्दनाक और अचानक हुआ, जिसने शादी की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है। शादी का माहौल अब सन्नाटे में बदल चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन परिवार के लिए यह नुकसान कभी न भरने वाला जख्म बन गया है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार