Indigo Flight Cancelled: बिहार में 36 घंटे में 25 फ्लाइटें रद्द, सातवें आसमान पर पहुंचा किराया, पटना से दिल्ली-मुंबई का रेट जान हिल जाएगा 'माथा', यात्रियों को भारी परेशानी
Indigo Flight Cancelled: बिहार में 36 घंटे में 25 फ्लाइटें रद्द हो चुकी है। पटना से दिल्ली और पटना से मुंबई का किराया आसमान छू रहा है।अचानक मांग बढ़ने के कारण किराए 2 से 3 गुना तक उछल गए।
Indigo Flight Cancelled: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो शुक्रवार को गंभीर ऑपरेशनल संकट में फंस गई। क्रू की भारी कमी और DGCA के नए नियमों के कारण बिहार में पिछले 36 घंटे में इंडिगो की 25 उड़ानें रद्द कर दी गईं। जिससे लगभग 3000 यात्रियों को एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा। पटना एयरपोर्ट पर हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां 29 में से 25 फ्लाइट रद्द हो गईं।
कई फ्लाइटें रद्द
दिल्ली के आठ, कोलकाता के चार, मुंबई के तीन, हैदराबाद के दो और बेंगलुरु के चार उड़ानों के अलावा अहमदाबाद, चेन्नई, भुवनेश्वर और चंडीगढ़ की एक-एक फ्लाइट भी नहीं चल सकी। केवल दिल्ली–लखनऊ–पटना–रांची और हैदराबाद–पटना–हैदराबाद सेक्टर की एक-एक फ्लाइट ही ऑपरेट हुई।
यात्रियों की दिक्कतें बढ़ीं, कई जगह 12-12 घंटे इंतजार
पटना, गया और दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की हालत बेहद खराब रही। कई लोग रातभर सीढ़ियों व कुर्सियों पर बैठकर इंतजार करते रहे, क्योंकि एयरलाइन समय पर जानकारी तक नहीं दे सकी। पटना से मुंबई के लिए उड़ान पकड़ने वाले गुलाम मोहम्मद ने बताया कि उन्हें कुवैत ज्वाइनिंग के लिए तुरंत पहुंचना था, लेकिन एयरलाइन कोई स्पष्ट सूचना नहीं दे पा रही। कर्मचारियों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक टिकट उपलब्ध नहीं है।
पटना–दिल्ली 40 हजार, मुंबई 90 हजार
इंडिगो की क्राइसिस का सीधा असर अन्य एयरलाइंस ने भुनाना शुरू कर दिया है। अचानक मांग बढ़ने के कारण किराए 2 से 3 गुना तक उछल गए। शादी, क्रिसमस और न्यू ईयर के पीक सीजन में हुए इस संकट ने यात्रियों को भारी आर्थिक झटका दिया है।
पटना–दिल्ली: ₹40,000 तक
पटना–मुंबई: ₹90,000 तक
दरभंगा–दिल्ली: ₹61,266
दरभंगा–मुंबई: ₹66,783
पटना से मुंबई, दिल्ली, कोलकाता सहित 7 बड़ी उड़ानें रद्द
इंडिगो ने पटना से कई महत्वपूर्ण रूट की उड़ानें रद्द कर दीं। जिसमें 6E 5152 (मुंबई), 6E 0663 (कोलकाता), 6E 6389 (दिल्ली), 6E 6349 (कोलकाता), 6E 2167 (मुंबई), 6E 126 (पुणे) और 6E 5007 (दिल्ली) शामिल है। इसके अलावा 6E 0805 (बेंगलुरु) उड़ान को डिले किया गया। यात्रियों को इन कैंसिलेशन की जानकारी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही मिल पाई।
DGCA के नए नियमों से बढ़ी क्रू की कमी
संकट की जड़ DGCA के फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम हैं। जिनका दूसरा चरण 1 नवंबर से लागू हुआ। इन नियमों में पायलटों और क्रू को ज्यादा आराम देने का प्रावधान है। जिससे एयरलाइंस के पास स्टाफ की कमी पैदा हो गई। DGCA के मुताबिक, नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें रद्द हुईं। जिनमें से 755 उड़ानें सिर्फ FDTL नियमों के कारण रद्द करनी पड़ीं। इंडिगो की यह अभूतपूर्व संकट स्थिति पूरे देश में हजारों यात्रियों को प्रभावित कर रही है, और त्योहार–शादी सीजन में इसका असर और भी व्यापक होने की संभावना है।