Gopalganj road accident: गोपालगंज में पुलिस वैन और ट्रेलर की भिड़ंत, अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस वैन चालक ने दम तोड़ा

Gopalganj road accident: गोपालगंज के थावे बाईपास स्थित तकिया गांव के पास पुलिस वैन और ट्रेलर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पुलिस वैन चालक विकेश कुमार राय की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Gopalganj road accident

Gopalganj road accident:  गोपालगंज जिले में थावे बाईपास के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक और पुलिस वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पुलिस वैन चला रहे चालक विकेश कुमार राय उर्फ गोवर्धन राय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


मृतक की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव निवासी रवींद्र राय के पुत्र विकेश कुमार राय के रूप में हुई है। उनकी तैनाती गोपालगंज पुलिस लाइन में थी।


जवानों को मीरगंज छोड़कर लौट रहे थे विकेश


जानकारी के मुताबिक, विकेश कुमार राय पुलिस वैन से कुछ जवानों को मीरगंज छोड़ने गए थे। वहां से लौटकर गोपालगंज आने के दौरान थावे बाईपास स्थित तकिया गांव के पास उनकी वैन की सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से टक्कर हो गई। ट्रेलर बंजारी की तरफ से आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक विकेश कुमार राय गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गए।


स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकाला


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस वैन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके गांव में भी शोक का माहौल है।


ट्रेलर चालक हिरासत में, पुलिस कर रही जांच


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किस वजह से हुई।

NAMO NARAYAN MISHRA/GOPALGANJ