Bihar Railway Police: संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्री से मारपीट और वसूली, बक्सर रेल पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

Buxar Railway Police: संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्री माजिद आलम से मारपीट और जबरन वसूली के आरोप में बक्सर रेल पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 1,500 रुपये बरामद हुए हैं।

Buxar Railway Police

Buxar Railway Police: बक्सर में चलती ट्रेन में यात्री के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन रुपये छीनने के आरोप में रेल पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 2 नवंबर 2026 को संघमित्रा एक्सप्रेस के साधारण कोच में हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से यात्री से छीने गए 1,500 रुपये भी बरामद किए हैं।


रेल पुलिस के अनुसार, पटना रेल नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे माजिद आलम के साथ कुछ लोगों ने मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि उनसे जबरन रुपये मांगे गए और विरोध करने पर मारपीट की गई। इस दौरान यात्री को दांत से काटकर घायल करने की बात भी सामने आई है।


बक्सर स्टेशन पर पांचों आरोपी गिरफ्तार


सूचना मिलने के बाद रेल थाना बक्सर के थानाध्यक्ष मनी चंद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। 2 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे पुलिस बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर आने के बाद पुलिस ने ट्रेन के एस्कॉर्ट दल और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500 रुपये के तीन नोट बरामद किए। कुल 1,500 रुपये जब्त कर लिए गए। इसके बाद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


भोजपुर जिले के बिहिया के रहने वाले हैं आरोपी


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुबेन उर्फ सोनिया (19), टोनी उर्फ सुम्या (20), अजहर उर्फ खुशी (21), बानो उर्फ चंपा (26) और मिराज उर्फ बिजली (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।


BNS की धाराओं में मामला दर्ज


इस मामले में रेल थाना बक्सर में कांड संख्या 233/26, दिनांक 2 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 304(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश यादव को सौंपी गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


रेल पुलिस ने यात्रियों से की अपील


रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में जबरन वसूली, मारपीट या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेल पुलिस को दें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी शिकायत की जा सकती है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट