पटना के पॉश इलाकों में दहशत फैलाने वाला 'सुपर चोर' गिरफ्तार, 8 लाख कैश और कई सामान बरामद

Patna : बीते कुछ दिनों से पटना के पॉस इलाके में चोरी की घटना पुलिस के लिए सरदर्द बना हुआ था, लेकिन इस मामले में पुलिस को एक बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने उस शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है....

पटना के पॉश इलाकों में दहशत फैलाने वाला 'सुपर चोर' गिरफ्तार,

Patna : राजधानी पटना के अति-प्रतिष्ठित और पॉश इलाकों में बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने धर दबोचा है। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित द्रोपदी अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 202 में हुई चोरी की बड़ी वारदात के बाद पुलिस सक्रिय हुई थी। छानबीन के दौरान पटना सेंट्रल एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के पास से चोरी के 8 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और चोरी के पैसों से खरीदे गए महंगे आईफोन व स्मार्ट वॉच बरामद किए गए हैं।


CCTV फुटेज से खुला राज

चोरी की गुत्थी सुलझाने में अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक को देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि आरोपी मोहम्मद परवेज उर्फ कल्लू किसी गिरोह के साथ नहीं, बल्कि अकेले ही बंद फ्लैटों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वारदात के बाद वह तुरंत पटना छोड़कर फरार हो जाता था, जिससे उसे पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।


SIT ने नालंदा से दबोचा 

पाटलिपुत्र और एसके पुरी थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही गृहभेदन की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और खुफिया जानकारी के आधार पर एसआईटी ने नालंदा जिले में छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद परवेज उर्फ कल्लू को उसके ननिहाल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने राजधानी के विभिन्न इलाकों में हाल के दिनों में हुई कुल चार बड़ी चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।


गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 8 मामले

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय मोहम्मद परवेज महज एक शौकिया चोर नहीं बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उस पर पहले से ही 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मुख्य रूप से उन घरों को निशाना बनाता था जो कुछ दिनों के लिए बंद रहते थे। उसकी गिरफ्तारी से पटना पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि वह लगातार वीआईपी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रहा था।


सेंट्रल एसपी ने बताया कि इस अपराधी की गिरफ्तारी से राजधानी में गृहभेदन की घटनाओं पर लगाम लगेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है।


अनिल की रिपोर्ट