मोकामा में सनसनी: बथान पर सो रहे व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, FSL टीम-श्वान दस्ते की मदद से जांच जारी
Bihar News : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा प्रखंड के कसहा दियारा में शनिवार रात एक अधेड़ व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वाल्मीकि निषाद के रूप में हुई है, जो बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र के मलहीपुर गांव का निवासी था।
बताया जा रहा है कि वाल्मीकि निषाद कसहा दियारा स्थित अपने बथान पर सो रहा था, तभी देर रात अज्ञात अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले गला दबाकर उसकी हत्या की और फिर धारदार हथियार से वार कर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मौके पर ग्रामीण एसपी, बाढ़ एसडीपीओ समेत हाथीदह और मरांची थाना की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी पटना से घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा श्वान दस्ते की भी मदद ली गई है, ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मरांची थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट: