'राष्ट्रीय सरेंडर संघ', राम माधव ने अमेरिका में स्वीकार किया 'आत्मसमर्पण' तो RSS पर खूब बरसे राहुल गांधी

Rahul Gandhi slams Ram Madhav
Rahul Gandhi slams Ram Madhav- फोटो : news4nation

Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “राष्ट्रीय सरेंडर संघ” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ का “फर्जी राष्ट्रवाद” और विदेशों में उसका रवैया पूरी तरह अलग है। राहुल गांधी ने यह टिप्पणी संघ के वरिष्ठ नेता राम माधव के अमेरिका में दिए गए बयान के बाद की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राष्ट्रीय सरेंडर संघ। नागपुर में फर्जी राष्ट्रवाद। अमेरिका में शुद्ध चाटुकारिता। राम माधव ने केवल संघ की असली फितरत को उजागर किया है।”


दरअसल, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब राम माधव ने वाशिंगटन डीसी में हडसन इंस्टीट्यूट के ‘न्यू इंडिया कॉन्फ्रेंस’ में एक पैनल चर्चा के दौरान भारत की ऊर्जा और व्यापार नीति को लेकर टिप्पणी की। इस चर्चा में अमेरिकी राजनयिकों के साथ “अमेरिका-भारत संबंधों के नए रास्ते” विषय पर बातचीत हो रही थी। पैनल के दौरान राम माधव ने कहा था कि भारत ने ईरान से तेल खरीदना बंद करने और रूस से तेल आयात रोकने पर सहमति जताई, साथ ही 50 प्रतिशत टैरिफ भी स्वीकार किया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया और विपक्ष ने सरकार व संघ पर सवाल उठाए।


हालांकि, बढ़ते विवाद के बीच राम माधव ने बाद में सफाई दी। उन्होंने स्वीकार किया कि पैनल चर्चा के दौरान दिया गया उनका बयान तथ्यात्मक रूप से गलत था। उन्होंने कहा कि भारत ने रूस से तेल आयात बंद करने पर कभी सहमति नहीं दी और 50 प्रतिशत टैरिफ का भी विरोध किया था। उन्होंने अपने बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।


इस पूरे घटनाक्रम के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष लगातार सरकार तथा संघ की भूमिका पर सवाल उठा रहा है।