Bihar Crime: मॉर्निंग वॉक पर निकले नेता के पति की गोलियों से भुनकर हत्या, इलाके में तनाव
Bihar Crime: अपराधियों ने बेखौफ होकर जिला परिषद सदस्य के पति की गोली मारकर हत्या कर दी।
Bihar Crime:सीतामढ़ी में अपराधियों ने बेखौफ होकर जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में उस वक्त हुई, जब वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ कई गोलियां दाग दीं। गोली लगने से बैद्यनाथ महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
सबसे गंभीर बात यह है कि बैद्यनाथ महतो पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका था। उस घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पिछली वारदात में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद रहे। अब दोबारा हुई हत्या के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर पहले हमले को पुलिस ने गंभीरता से लिया होता तो शायद यह वारदात टाली जा सकती थी। हालांकि, पिछली घटना में पुलिस की कार्रवाई को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत हत्या के तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट