Bihar Job: बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, 783 तकनीकी कर्मियों की हुई पोस्टिंग
Bihar Job: बिहार तकनीकी सेवा आयोग की अनुशंसा पर चयनित 683 ओटी असिस्टेंट और 100 ईसीजी टेक्निशियन की राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापना कर दी गई है।
Bihar Job: बिहार में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग की अनुशंसा पर चयनित 683 ओटी असिस्टेंट और 100 ईसीजी टेक्निशियन की राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थापना कर दी गई है। इससे अस्पतालों में तकनीकी मानव संसाधन की कमी दूर होने और मरीजों को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
683 ओटी असिस्टेंट में 124 महिलाएं और 559 पुरुष शामिल हैं। वहीं 100 ईसीजी टेक्निशियन में 42 महिला और 58 पुरुष अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई है। इनकी तैनाती मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पतालों समेत अन्य सरकारी संस्थानों में की गई है।
ओटी असिस्टेंट की पदस्थापना पीएमसीएच में 16, अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 12, डीएमसीएच में 11 और जेएलएनएमसीएच भागलपुर में 20 पदों पर की गई है। इसी तरह ईसीजी टेक्निशियन में इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान, पटना में 15, पीएमसीएच में 6, एसकेएमसीएच में 4 और डीएमसीएच में 4 की पदस्थापना हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने पोस्टिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और मेरिट आधारित रखने के लिए एनआईसी सॉफ्टवेयर के जरिए रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई। दिव्यांग अभ्यर्थियों को यथासंभव उनके गृह जिले में पोस्टिंग दी गई है, जबकि महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुरूप नजदीकी जिलों में पदस्थापित करने का प्रयास किया गया है।
सभी नवपदस्थापित कर्मियों को एक महीने के भीतर मूल प्रमाण-पत्रों के साथ संबंधित संस्थान में योगदान देना होगा। संस्थान स्तर पर प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा और तीन महीने के भीतर संबंधित संस्थानों से जांच पूरी कर विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नवपदस्थापित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इनकी भूमिका राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में अहम होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से काम करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान देंगे।