Bihar Police: बिहार में हवलदार ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, पुलिस महकमे में हड़कंप

Bihar Police:थाने में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कानून की रखवाली करने वाला खुद मौत का शिकार बन गया।....

Bihar Havaldar Shoots Himself With Service Rifle Shock in Po
बिहार में हवलदार ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली- फोटो : social Media

Bihar Police:थाने में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कानून की रखवाली करने वाला खुद मौत का शिकार बन गया। पूर्णिया जिले के अमौर थाना परिसर में बुधवार की सुबह  55 वर्षीय हवलदार आलमनाथ भूइयां ने अपनी ही सर्विस राइफल से गले में गोली दाग ली। गोली गले के आर-पार हो गई और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। झारखंड के चाईबासा निवासी हवलदार की लाश उनके कमरे से बरामद होते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस कैंटीन का कर्मचारी रोज़ की तरह नाश्ता लेकर उनके कमरे में पहुंचा। दरवाजा खुला देख कर्मी को शक हुआ। अंदर कदम रखते ही उसने हवलदार को खून से लथपथ ज़मीन पर गिरा पाया। शोर मचा तो थाने के अन्य पुलिसकर्मी दौड़े चले आए। देखते ही देखते थाना इलाका मातमी सन्नाटे में डूब गया।

सूचना मिलते ही अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे और फौरन वरीय अधिकारियों को खबर दी। कुछ ही देर में बायसी एसडीपीओ जितेंद्र कुमार पांडे, रौटा थानाध्यक्ष के.के. सौरभ समेत कई थानों के अफसर मौके पर पहुंच गए। हालात की नज़ाकत को देखते हुए कमरे को सील कर दिया गया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। कमरे से हवलदार की सर्विस राइफल, कार्बाइन और खोखा भी बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आलमनाथ भूइयां की पोस्टिंग करीब पांच महीने पहले ही अमौर थाना में हुई थी। कुछ समय पहले तक उनकी पत्नी भी साथ रह रही थीं, लेकिन अस्वस्थता के चलते इलाज के लिए घर गई हुई थीं। बताया जा रहा है कि घटना वाली सुबह करीब आठ बजे उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी और तब तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद अचानक यह खौफनाक कदम क्यों उठाया गया, यह अब भी एक रहस्य बना हुआ है।

एसडीपीओ जितेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, क्योंकि गोली गले के आर-पार होने के साफ निशान हैं। हालांकि पुलिस किसी भी पहलू को नज़रअंदाज़ नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह खुदकुशी थी या फिर वर्दी के साए में कोई और साजिश खेली गई। फिलहाल, यह मौत पूरे पुलिस महकमे के लिए एक गहरी बेचैनी और कई अनसुलझे सवाल छोड़ गई है।