Railway News: पटना-गयाजी पैसेंजर ट्रेन बंद! 21 मार्च तक नहीं कर सकेंगे सफर, इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों का रास्ता बदला

Railway News: पटना-गयाजी पैंसेजर ट्रेन का परिचालन आज से बंद हो गया है। अब यात्री आने वाले 45 दिनों तक इस ट्रेन से सफर नहीं कर सकेंगे। वहीं इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों का रास्ता बदला गया है।

ट्रेन
आज से पटना-गयाजी पैसेंजर ट्रेन बंद! - फोटो : social media

Railway News: गयाजी जंक्शन से सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अगले 45 दिन मुश्किलों से भरा हुआ होगा। जंक्शन पर री-मॉडलिंग और विकास कार्यों के लिए रेलवे ने 21 मार्च तक भारी 'मेगा ब्लॉक' की घोषणा की है। इस फैसले के कारण पटना-गयाजी पैसेंजर ट्रेन को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि इंटरसिटी, पूर्णिमा और दामोदर एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें अब अपने नियमित रास्ते के बजाय वैकल्पिक मार्ग से चलाई जाएंगी। अचानक लिए गए इस फैसले ने हजारों दैनिक यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। अगर आप भी इस दौरान गया या पटना के बीच यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रेनों की नई समय-सारणी और बदले हुए रूट्स की यह लिस्ट जरूर देख लें।

21 मार्च तक नहीं चलेगी ट्रेन 

जानकारी अनुसार इस क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या-2 और 3 पर 5 फरवरी से 21 मार्च तक कुल 45 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है। ब्लॉक अवधि के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए हैं। कुछ ट्रेनों को इस अवधि में पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्गों से चलाया जाएगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ भी निर्धारित किया गया है।

आज से ट्रेन का परिचालन रद्द 

रेल प्रशासन के अनुसार, पटना–गयाजी–पटना पैसेंजर ट्रेन (53213/53214) को 5 फरवरी से 21 मार्च तक रद्द कर दिया गया है। वहीं पटना–भभुआ रोड इंटरसिटी, भभुआ रोड–पटना इंटरसिटी, बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस, गंगा–दामोदर एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगी।

परिवर्तित मार्ग से चलेंगी कई ट्रेनें

परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनों को आरा, सासाराम, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), तिलैया, इस्लामपुर, फतुहा, पैमार और बंधुआ स्टेशनों के रास्ते चलाया जाएगा। यह व्यवस्था गयाजी जंक्शन पर चल रहे निर्माण कार्य के प्रभाव को कम करने के लिए की गई है। आनंद विहार–गया गरीबरथ एक्सप्रेस, गया–आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस, लखनऊ–गयाजी और गयाजी–लखनऊ एकात्मता एक्सप्रेस का आंशिक समापन अथवा प्रारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से किया जाएगा। वहीं गयाजी–कामाख्या और कामाख्या–गयाजी एक्सप्रेस का आंशिक संचालन मानपुर स्टेशन से निर्धारित समय पर होगा। स्थानीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पटना–गयाजी और गयाजी–पटना मेमू ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ चाकंद स्टेशन पर किया गया है।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, मार्ग और समय-सारिणी की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी स्टेशन से अवश्य प्राप्त कर लें। हालांकि इस अवधि में यात्रियों को कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह पुनर्विकास कार्य गयाजी जंक्शन को आधुनिक, सुरक्षित और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका लाभ भविष्य में यात्रियों को मिलेगा।