Patna Crime:गृह प्रवेश में व्यस्त था स्वर्ण कारोबारी का परिवार, पीछे से चोरों ने खाली कर दिया घर! तीन कमरों के ताले तोड़ लाखों का माल कर दिया पार
Patna Crime: पटना से सटे मनेर में चोरों ने एक स्वर्ण कारोबारी परिवार को बड़ा झटका दिया है। ...
Patna Crime: पटना से सटे मनेर में चोरों ने एक स्वर्ण कारोबारी परिवार को बड़ा झटका दिया है। टाटा कॉलोनी स्थित घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के सोने के साथ नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। वारदात उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार नए मकान के गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने गया था। पीछे से चोरों ने घर के तीन कमरों का ताला तोड़ा और इत्मीनान से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। गुरुवार की रात जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए।
चोरी की यह वारदात धर्मेंद्र कुमार सोनी और उनके भाई जितेंद्र सोनी के घर हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 250 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है, के अलावा करीब दस तोला सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र आभूषण बनाने का काम करते हैं, जबकि उनके भाई जितेंद्र की मनेर बस्ती रोड पर शगुन ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है।
परिवार के मुताबिक, मनेर के गांधी हाट स्थित नए मकान में गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी सिलसिले में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे टाटा कॉलोनी वाले पुराने घर में ताला लगाकर सभी लोग नए मकान चले गए थे। रात करीब 11 बजे पूजा और समारोह समाप्त होने के बाद जब परिवार पुराने घर पहुंचा तो तीन कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नकदी गायब थे।
धर्मेंद्र सोनी के अनुसार, चोरी हुए 250 ग्राम सोने में वह सोना भी शामिल था, जो मनेर के अलग-अलग स्वर्ण कारोबारियों ने आभूषण तैयार करवाने के लिए उन्हें दिया था। वह कारोबारियों से सोना लेकर उसके आभूषण बनाते हैं। ऐसे में इस वारदात से परिवार के साथ दूसरे स्वर्ण व्यवसायियों को भी आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी और मायूसी का माहौल है। सूचना मिलने पर मनेर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि इस संबंध में आवेदन मिला है और घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज