Amit Shah Bihar Visit: 12 दिसंबर को पटना आएंगे अमित शाह, बिहार पुलिस को देंगे राष्ट्रपति कलर अवार्ड
Amit Shah Bihar Visit: बिहार पुलिस के इतिहास में 12 दिसंबर की तारीख एक खास मुकाम के तौर पर दर्ज होने जा रही है। ...
Amit Shah Bihar Visit: बिहार पुलिस के इतिहास में 12 दिसंबर की तारीख एक खास मुकाम के तौर पर दर्ज होने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस दिन पटना पहुंचेंगे और बिहार पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित करेंगे। इस उपलब्धि को लेकर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 के परिसर में भव्य समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अमित शाह दिसंबर में दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान होने वाला सम्मान समारोह पुलिस महकमे के लिए विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और बिहार पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान अमित शाह करीब ढाई घंटे तक पुलिसकर्मियों के बीच रहेंगे। इस दौरान सम्मान प्रदान करने के साथ परेड और अन्य औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आठ प्लाटून दिखाएंगी अपनी ताकत
समारोह का खास आकर्षण भव्य पुलिस परेड होगी। इसमें बिहार पुलिस की आठ प्लाटून हिस्सा लेंगी। परेड में गोरखा बटालियन, महिला स्वाभिमान बटालियन, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और अश्वारोही पुलिस दस्ते समेत विभिन्न इकाइयां अपनी भागीदारी निभाएंगी। परेड का नेतृत्व IPS रैंक के अधिकारी करेंगे। वहीं, पुलिस बैंड की विशेष प्रस्तुति भी समारोह का हिस्सा होगी। गृह मंत्री अमित शाह परेड की सलामी लेंगे।
वर्दी पर सजेगा सम्मान का विशेष बैज
राष्ट्रपति कलर अवार्ड मिलने के बाद बिहार पुलिस को विशेष ध्वज और बैज प्रदान किया जाएगा। इसकी खासियत यह होगी कि सिपाही से लेकर पुलिस महानिदेशक तक, सभी पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर सीने के पास यह विशेष बैज लगा सकेंगे। यह निशान पुलिस बल की सामूहिक उपलब्धि और पहचान का प्रतीक होगा।
क्या होता है राष्ट्रपति कलर अवार्ड?
राष्ट्रपति कलर अवार्ड को पुलिस बलों के लिए सर्वोच्च संस्थागत सम्मानों में गिना जाता है। इसे 'निशान' भी कहा जाता है। यह सम्मान किसी पुलिस संगठन को लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवाओं, अनुशासन, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रदान किया जाता है। इसकी विशेषता यह है कि यह किसी पुलिस बल को एक बार दिया जाता है। बिहार पुलिस के लिए यह सम्मान हासिल करना ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। 12 दिसंबर को पटना में होने वाला आयोजन इसी गौरवपूर्ण उपलब्धि को समर्पित रहेगा।