Patna PMCH: आधी रात खत्म हुई खत्म हुई जूनियर हॉक्टर्स की हड़ताल, PMCH में डॉक्टरों और जज की पत्नी के बीच भिड़ंत में दोनों तरफ से दर्ज हुई FIR
atna PMCH: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते अस्पताल की व्यवस्था पर भारी पड़ गया।
Patna PMCH: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में बुधवार को शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते अस्पताल की व्यवस्था पर भारी पड़ गया। एक तरफ जज की पत्नी और महिला अधिवक्ता थीं, तो दूसरी तरफ ड्यूटी पर तैनात जूनियर डॉक्टर। मामला इतना बढ़ा कि अस्पताल परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। धक्का-मुक्की हुई, गाड़ियों के शीशे तोड़े जाने और तोड़फोड़ के आरोप लगे। विवाद की गूंज थाने तक पहुंची और आखिरकार डॉक्टरों ने इलाज छोड़कर हड़ताल का ऐलान कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद PMCH प्रशासन और महिला अधिवक्ता, दोनों की ओर से पीरबहोर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नाराज जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी समेत अस्पताल के तमाम विभागों में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) के अध्यक्ष डॉ. सत्यम कुमार ने साफ कहा कि कानूनी कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा। इससे अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिनों की परेशानी बढ़ गई।
हालांकि, देर रात घटनाक्रम ने नया मोड़ लिया। स्वास्थ्य सचिव और अस्पताल प्रबंधन की ओर से भरोसा मिलने के बाद रात करीब एक बजे बैठक हुई। इसमें हड़ताल खत्म करने पर सहमति बनी। डॉ. सत्यम कुमार के मुताबिक, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। मरीजों के हित को सर्वोपरि रखते हुए डॉक्टरों ने काम पर लौटने का फैसला किया। इसके बाद सभी विभागों में चिकित्सा सेवाएं बहाल हो गईं।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकी के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 को MICU, IGCC में भर्ती मरीज शैलेन्द्र कुमार को देखने पहुंची महिला परिजन जूता-चप्पल पहनकर अंदर जाने की कोशिश कर रही थीं। सुरक्षा कर्मी ने उन्हें जूते उतारकर प्रवेश करने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान महिला मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं। ड्यूटी डॉक्टर ने जब वीडियो रिकॉर्डिंग से मना किया तो कहासुनी शुरू हो गई। प्रशासन का आरोप है कि महिला ने डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। बीच-बचाव में एक सुरक्षाकर्मी को भी चोट आई।
अस्पताल प्रशासन का यह भी आरोप है कि बाद में पहुंचे अधिकारियों और डॉक्टरों के साथ महिला तथा उनके पति ने दुर्व्यवहार किया। कुछ दिन पहले डॉक्टरों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। प्रशासन ने बिहार मेडिकल सर्विस इंस्टीट्यूशन एंड पर्सन प्रोटेक्शन एक्ट, 2011 (संशोधित 2014) के तहत कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में है।