Bihar crime: मुजफ्फरपुर में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किया जख्मी, हालत गंभीर
मुजफ्फरपुर में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किया जख्मी, हालत गंभीर
Bihar crime: मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता को अपनी बेटी की अस्मत की खातिर आवाज उठाना बेहद महंगा पड़ गया। अपनी नाबालिग बेटी से छेड़खानी का विरोध करने और आरोपी से सवाल पूछने गए पिता पर दबंगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवती के पिता बुरी तरह जख्मी हो गए हैं, जिनका इलाज मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में गंभीर स्थिति में चल रहा है।
यह शर्मनाक घटना मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के एक गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव का ही एक मनचला युवक सरेराह एक नाबालिग युवती के साथ अक्सर छेड़खानी और अभद्र हरकतें करता था। आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई।
बेटी की आपबीती सुनने के बाद लोक-लाज और सुरक्षा को लेकर चिंतित पिता आरोपी युवक के घर पहुंचे। उन्होंने युवक से इस बदसलूकी की वजह पूछनी चाही।
जानलेवा हमला: पूछताछ करते ही आरोपी युवक और उसके साथी आपा खो बैठे। उन्होंने तैश में आकर युवती के पिता पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में पिता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
पहले भी हुई थी पंचायत फिर भी नहीं सुधरा आरोपी
पीड़ित परिवार के मुताबिक आरोपी युवक पहले भी युवती के साथ छेड़खानी कर चुका था। उस वक्त सामाजिक स्तर पर पंचायत भी बुलाई गई थी। पंचायत के दबाव में आरोपी कुछ दिनों तक तो शांत रहा, लेकिन जल्द ही उसने दोबारा लड़की को परेशान करना शुरू कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
वारदात की इत्तला मिलते ही औराई थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई।
औराई थाना पुलिस का कहाना है कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और घटनास्थल पर पहुंचकर शुरुआती जांच की गई है। हालांकि, पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही आवेदन मिलता है, मामले में कड़ी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से गांव में तनाव और खौफ का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है
रिपोर्ट...Manibhusan Sharma