Bihar crime:फ्लिपकार्ट सामान अदला-बदली कर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार।

Bihar crime:पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट के महंगे सामानों की अदला-बदली कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

फ्लिपकार्ट सामान अदला-बदली कर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड
फ्लिपकार्ट सामान अदला-बदली कर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़- फोटो : Reporter

Bihar crime:रोहतास जिले की डेहरी नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट के महंगे सामानों की अदला-बदली कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कार, कैमरा, लैपटॉप, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को ऑनलाइन ठगी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है।

डेहरी नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि 13 जून की शाम लगभग साढ़े आठ बजे डेहरी एवं सासाराम की फ्लिपकार्ट टीम तीन संदिग्ध व्यक्तियों को कुछ पार्सलयुक्त सामान के साथ थाना लेकर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इनमें से दो व्यक्ति फ्लिपकार्ट के डिलीवरी ब्वाय के रूप में कार्यरत थे, जबकि तीसरा व्यक्ति डुप्लीकेट सामान तैयार करने का कार्य करता था।

पुलिस ने जब तीनों से गहन पूछताछ की तो पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि इस अवैध कारोबार का संचालन समस्तीपुर जिले के रहने वाले सत्यकाम उर्फ किशु और अमर राजा द्वारा किया जा 

गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्हें प्रति माह 40 हजार रुपये देने का प्रलोभन देकर इस गिरोह में शामिल किया गया था। गिरोह का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजे जाने वाले महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की अदला-बदली करना था।

आरोपित डिलीवरी के दौरान पार्सल में रखे असली और महंगे सामान को निकाल लेते थे तथा उसकी जगह नकली या कम कीमत वाली वस्तुएं रख देते थे। इसके बाद उपभोक्ताओं को वही बदला हुआ पार्सल सौंप दिया जाता था। इस तरीके से कंपनी और ग्राहकों दोनों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जाता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा तथा स्थानीय पुलिस की सहायता से एक संदिग्ध वाहन संख्या बीआर09एएस-7551 की पहचान की गई।

सूचना के आधार पर गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में उक्त वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार अमर राजा और सत्यकाम चौधरी को हिरासत में लिया गया। इसके बाद दोनों को डेहरी नगर थाना लाकर पूछताछ की गई, जिसमें गिरोह की गतिविधियों की पुष्टि हुई।

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एक सोनी कैमरा, दो लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, तीन एप्पल कंपनी के हेडफोन, 15 बॉडी कैमरा, छह स्मार्ट वॉच, तीन गो-प्रो कैमरा, पांच ईयरबड्स, 14 मोबाइल चार्जर एवं डाटा केबल तथा एक प्लास्टिक सीलिंग मशीन बरामद की।

इसके अतिरिक्त वाहन से दो हार्ड एयर गन भी जब्त की गई हैं। बरामद सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सत्यकाम उर्फ किशु, अमर राजा, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार प्रिंस तथा हर्षल कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी समस्तीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित ठगी गिरोह का मामला प्रतीत हो रहा है। गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजे जाने वाले महंगे सामानों की अदला-बदली कर उपभोक्ताओं एवं कंपनी को नुकसान पहुंचा रहा थापुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। प्रेस वार्ता के दौरान डेहरी नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष संजय विकास त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे

Report -Ranjan singh rajput