Bihar crime: मुख्यमंत्री के आगमन से पहले छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, इलाके में सनसनी; पुलिस की छापेमारी जारी

नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, इलाके में सनसनी; पुलिस की छापेमारी जारी

नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म
नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म- फोटो : Social media

Bihar crime: भोजपुर  के सहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सहार बस पड़ाव इलाके से रविवार दोपहर एक बेहद संवेदनशील और गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। यहाँ दिनदहाड़े सातवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर लगभग 3:00 बजे की है। पीड़िता नारियल पानी खरीदने के बाद ऑटो के इंतजार में सहार बस पड़ाव पर खड़ी थी। इसी दौरान उसके ही गांव का एक नामजद आरोपी अपने 4-5 अज्ञात सहयोगियों के साथ चार पहिया वाहन से वहाँ पहुँचा। आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर जबरन वाहन में बिठाया और उसे एक सुनसान जंगली इलाके में ले गए। वहाँ सभी आरोपियों ने पीड़िता के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

गंभीर अवस्था में घर पहुँची पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने स्थानीय थाने पर पहुँचकर न्याय की मांग को लेकर हंगामा किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने परिजनों को कड़ी कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत कराया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  भेज दिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट:आशीष कुमार