Bihar Crime: गुंडागर्दी टैक्स का भंडाफोड़, रसीद के नाम पर रंगदारी करते 3 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
Bihar Crime: कानून को ठेंगा दिखाते हुए गुंडागर्दी टैक्स का ऐसा खेल चल रहा था, जिसने प्रशासन को भी चौंका दिया।...
Bihar Crime: कानून को ठेंगा दिखाते हुए गुंडागर्दी टैक्स का ऐसा खेल चल रहा था, जिसने प्रशासन को भी चौंका दिया।मोतिहारी के चकिया में नगर परिषद के नाम पर सरेआम चलती गाड़ियों से जबरन वसूली की जा रही थी और वो भी बाकायदा रसीद काटकर। लेकिन ये धंधा ज्यादा दिन तक छुपा नहीं रह सका। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीओ शिवानी शुभम और डीएसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में चकिया थाना पुलिस ने चकिया–मधुबन रोड पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तीन शातिरों को रंगे हाथों दबोच लिया, जो वाहनों से अवैध उगाही कर रहे थे। गिरफ्तारी के साथ ही इलाके में हड़कंप मच गया और वसूली गैंग का पर्दाफाश हो गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार, राधेकृष्ण कुमार और कुंदन कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से नगर परिषद के नाम पर जारी 27 रसीद बुक बरामद हुईं, जिससे साफ हो गया कि ये खेल काफी संगठित तरीके से चल रहा था। रसीद बुक देखकर पुलिस भी हैरान रह गई हर उगाही को वैध दिखाने का पूरा इंतजाम था।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने आका का नाम उगल दिया। उन्होंने खुलासा किया कि ईशांत कुमार नामक शख्स ने उन्हें इस वसूली के धंधे में लगाया था और उसी के नाम से लाइसेंस का इस्तेमाल कर अवैध वसूली की जा रही थी। अब पुलिस इस मास्टरमाइंड की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस तरह की गुंडागर्दी और जबरन वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है। चकिया में इस खुलासे के बाद एक बात तो साफ है अब गुंडागर्दी टैक्स के नाम पर चल रहा खेल ज्यादा दिन नहीं टिकने वाला।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार