Bihar IAS Transfer: कैबिनेट विस्तार के बाद CM सम्राट लेंगे बड़ा फैसला, एक साथ दर्जनों IAS अधिकारियों को होगा तबादला! काउंटडाउन शुरू

Bihar IAS Transfer: बिहार में कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद सीएम सम्राट बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार एक साथ दर्जनों आईएएस अधिकारियों का तबादला किया जा सकता है।

Bihar IAS Transfer
बड़े स्तर पर तबादले की तैयारी - फोटो : News4nation

Bihar IAS Transfer: बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा तेज है। इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि सीएम सम्राट कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद बड़ा फैसला ले सकते हैं। जिसके तहत दर्जनों आईएएस अधिकारियों का तबादला किया जाएगा। बड़े प्रशासनिक फेरबदल को लेकर एनडीए सरकार तैयारी में जुट गई है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही राज्य में जिला स्तर से लेकर विभागीय मुख्यालय तक आईएएस अधिकारियों के व्यापक तबादले किए जाएंगे।

कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद होगा तबादला 

जानकारी अनुसार तबादले के लिए सामान्य प्रशासन विभाग अधिकारियों के वर्तमान पदस्थापन और कार्यप्रदर्शन का विस्तृत ब्योरा जुटा रहा है। बताया जा रहा है कि नई सरकार अधिकारियों को उनकी कार्यक्षमता और उपलब्धियों के आधार पर उन्हें नई जिम्मेदारी देगी। हाल ही में प्रशासन को आम जनता के प्रति अधिक संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से थाना, प्रखंड और अंचल स्तर तक की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय से करने की प्राथमिकता तय की गई है। ऐसे में जिलों में सक्षम अधिकारियों की तैनाती और कमजोर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के तबादले की तैयारी तेज हो गई है। इसके तहत कई जिलों में नए जिलाधिकारियों की नियुक्ति संभव है।

मई-जून में मिलेंगे 16 नए आईएएस अधिकारी

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार राज्य सरकार को मई-जून के दौरान 16 नए आईएएस अधिकारी मिलने वाले हैं। ये अधिकारी बिहार प्रशासनिक सेवा से प्रोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल होंगे। वर्तमान में बिहार में आईएएस के कुल 359 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 310 अधिकारी कार्यरत हैं। इनमें करीब 30 अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, जबकि लगभग 280 अधिकारी राज्य में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

कई जिलों में लंबे समय से तैनात हैं अधिकारी

गौरतलब हो कि, राज्य के कई जिलों में आईएएस अधिकारी लंबे समय से पदस्थापित हैं। पूर्वी चंपारण में जिलाधिकारी की तैनाती वर्ष 2023 में हुई थी, जबकि भागलपुर, भोजपुर, जहानाबाद, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, नवादा, रोहतास, समस्तीपुर और सीतामढ़ी समेत नौ जिलों में जिलाधिकारी 2024 से पद पर बने हुए हैं। वहीं, अधिकांश अन्य जिलों में 2025 में तैनाती हुई थी, बीते दिन ही लखीसराय के जिलाधिकारी बदले गए हैं। लखीसराय के नए डीएम मोहम्मद सोहैल हैं। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के तुरंत बाद तबादलों की सूची जारी की जा सकती है, जिससे राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।