KMC alumni meet: किरोड़ी मल कॉलेज में अतीत और वर्तमान का संगम, वॉल ऑफ फेम के साथ छलकी यादें और जज़्बात,सियासत से सिनेमा तक दिग्गजों का जलवा, देखिए तस्वीरों के झरोखे से...
किरोड़ी मल कॉलेज का माहौल... कुछ यूँ रौशन हुआ, जैसे अतीत और वर्तमान एक ही महफिल में आमने-सामने आ खड़े हों।...
KMC alumni meet: नई दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित किरोड़ी मल कॉलेज (KMC) का माहौल शनिवार की रात कुछ यूँ रौशन हुआ, जैसे अतीत और वर्तमान एक ही महफिल में आमने-सामने आ खड़े हों। मौका था शानदार एलुमनी मीट का, जहाँ यादों की खुशबू, कामयाबी की दास्तान और नई पीढ़ी के सपनों का संगम देखने को मिला।


इस खास इवेंट की जान बना वॉल ऑफ फेम का उद्घाटन, जिसमें उन होनहार छात्रों की तस्वीरें सजाई गईं जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और हुनर से मुल्क ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी नाम रोशन किया। यह दीवार सिर्फ तस्वीरों का जमावड़ा नहीं, बल्कि उन ख्वाबों और जज़्बों की तस्दीक है जो कभी इसी कैंपस में पले-बढ़े थे।

महफ़िल में पाँच दशक पहले के पासआउट स्टूडेंट्स से लेकर 2025 के ताज़ा ग्रेजुएट्स तक की मौजूदगी ने इसे और भी खास बना दिया। पुरानी यादें, दोस्ती के किस्से, क्लासरूम की शरारतें हर लम्हा जैसे फिर से ज़िंदा हो उठा।

इस मौके पर कई नामचीन शख्सियतों ने शिरकत की। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर, राजद सांसद सुधाकर सिंह, सीबीएसई के निदेशक जय प्रकाश चतुर्वेदी, इंटरनेशनल सोलर अलायंस के डीजी आशीष खन्ना, शिक्षाविद जोगिंदर मान, मेजर जनरल (रिटायर्ड) दिलावर सिंह और वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी प्रशांत कुमार झा,राकेश कुमार सिंह जैसे दिग्गजों ने अपनी यादों का तजुर्बा साझा किया।

इन हस्तियों ने अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे केएमसी ने उनकी शख्सियत को तराशा और उन्हें मुकाम तक पहुँचने का रास्ता दिखाया। उनकी बातें सुनकर मौजूदा स्टूडेंट्स के दिलों में भी एक नई उमंग और हौसला पैदा हुआ।

यह एलुमनी मीट महज़ एक प्रोग्राम नहीं, बल्कि रिश्तों को फिर से जोड़ने और तजुर्बों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का बेहतरीन जरिया साबित हुआ। यहाँ हर शख्स के चेहरे पर मुस्कान थी, आँखों में यादें और दिल में एक ही एहसास एक बार केएमसी, हमेशा केएमसी!
रिपोर्ट- हीरेश कुमार