Bihar Police Attack: बालू पर बवाल,ट्रैक्टर पकड़ते ही भड़की भीड़, पुलिस पर पथराव… फिर लाठीचार्ज

Bihar Police Attack: अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई अचानक हिंसक टकराव में बदल गई।...

Gaya Sand row erupts crowd pelts stones police resort to lat
पुलिस पर पथराव- फोटो : reporter

Bihar Police Attack: अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई अचानक हिंसक टकराव में बदल गई। गया जिले में सोमवार सुबह सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के कर्मा रोड पर पुलिस टीम जब बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने पहुंची, तो कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए और भीड़ ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया।

दरअसल, पुलिस को इलाके में अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसी इनपुट पर टीम मौके पर पहुंची और एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर जांच शुरू की। तभी विवाद की चिंगारी भड़क उठी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक ने मौके पर ही बालू गिरा दिया, जिसके बाद गाड़ी खाली हो गई। इसी बात को लेकर लोगों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी कि जब ट्रैक्टर खाली है तो उसे जब्त क्यों किया जा रहा है।

देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया। भीड़ जुटने लगी, माहौल गरम हुआ और फिर अचानक पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने पुलिस टीम को घेर लिया और ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी। इस दौरान एक पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ काबू में नहीं आई तो हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज होते ही भीड़ तितर-बितर हो गई और इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

मामले में थाना अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि पुलिस अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी। ट्रैक्टर चालक ने बालू गिराकर हंगामा खड़ा कर दिया और भीड़ ने उसे छुड़ाने की कोशिश की। फिलहाल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक बार फिर अवैध बालू और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार