Bihar Khan Sir: गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे... फायरिंग केस में घिरे खान सर तक नहीं पहुंच पाई पुलिस, रातभर कोचिंग के बाहर जमे रहे छात्र, आज भी होगी क्लास

Bihar Khan Sir: हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी पुलिस खान सर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।...

Patna FIR on Khan Sir Police Yet to Arrest Students Stand Gu
फायरिंग केस में घिरे खान सर तक नहीं पहुंच पाई पुलिस- फोटो : reporter

Bihar Khan Sir: पटना में कोचिंग संचालक खान सर से जुड़ा मामला अब महज फायरिंग कांड नहीं, बल्कि कानून, सियासत और छात्र शक्ति के टकराव का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी पुलिस खान सर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस बीच उनकी कोचिंग के बाहर पूरी रात हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस की पांच गाड़ियां अलग-अलग समय पर मौके पर पहुंचीं, लेकिन हालात पर पूरी तरह काबू नहीं पा सकीं।

रातभर पुलिस लाउडस्पीकर से छात्रों को हटने और अपने घर लौट जाने की अपील करती रही, मगर सैकड़ों छात्र कोचिंग के बाहर डटे रहे। माहौल ऐसा था मानो किसी बड़े अभियान की तैयारी चल रही हो। पुलिस की मौजूदगी और लगातार निगरानी के बावजूद छात्रों का जमावड़ा कम नहीं हुआ।

खान सर को जानने वाले लोगों का दावा है कि वह कोचिंग परिसर के अंदर ही मौजूद हैं, जबकि कुछ अन्य सूत्रों का कहना है कि वह वहां नहीं हैं। इस रहस्य ने पूरे घटनाक्रम को और भी दिलचस्प बना दिया है। इसी बीच छात्रों के मोबाइल पर एक संदेश पहुंचा, जिसमें कहा गया कि शनिवार को भी सुबह 10 से 11 बजे तक खान सर की नियमित क्लास होगी। इस संदेश ने अटकलों का बाजार और गर्म कर दिया।मामले की सबसे अहम कड़ी खान सर के बॉडीगार्ड्स का बयान माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार गार्ड्स ने पूछताछ में कहा कि उन्हें गोली चलाने के लिए कहा गया था और बाकी की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया गया था। इसी बयान के आधार पर खान सर को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इस धारा के तहत दोष सिद्ध होने पर 10 वर्ष तक की सजा और आर्थिक दंड का प्रावधान है।

शुक्रवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए आईजी कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी कोचिंग संस्थान या अफवाह के बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें।बता दें कि 2 जून की रात खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। उस दौरान उनके सुरक्षा कर्मियों द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।

इस पूरे विवाद के बीच खान सर का एक नया वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह छात्रों को सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए दावा कर रहे हैं कि उनके गार्ड को बुरी तरह पीटा गया और मुख्य हमलावरों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि असली मुद्दे से ध्यान भटकाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो आने वाले महीनों में कई कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है। फिलहाल पटना में इस मामले को लेकर जबरदस्त सरगर्मी है। एक तरफ पुलिस कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है, तो दूसरी ओर छात्रों का समर्थन खान सर के पक्ष में मजबूती से दिखाई दे रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस की अगली कार्रवाई क्या होगी और यह मामला किस नई दिशा में आगे बढ़ेगा।