Weather Forecast: 8 घंटे में बदलेगा मौसम! 19 राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं की चेतावनी

Weather Forecast: IMD ने 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में तेज हवाएं, भारी बारिश और लू की चेतावनी दी गई है। जानें पूरे देश का मौसम अपडेट।

Weather Forecast
मौसम विभाग का बड़ा अपडेट- फोटो : freepik

Weather Forecast:  देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच हो रही तेज आंधी और बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है। लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर 19 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। इसलिए अगर आप यात्रा करने की सोच रहे हैं तो मौसम की जानकारी जरूर देख लें।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर निचले वायुमंडल में एक चक्रवाती स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी हवा का चक्र बन रहा है। इसी वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 7 दिनों तक केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। केरल में 6 और 7 जून को कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले एक हफ्ते तक तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून का हुआ आगमन

दक्षिण-पश्चिम मानसून 5 जून को कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कई हिस्सों में पहुंच गया है और आगे बढ़ रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में यह महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के अन्य हिस्सों तक भी पहुंच सकता है। इसके साथ ही बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

दिल्ली में होगी बारिश

दिल्ली में 6 जून को गरज के साथ बारिश हो सकती है और तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद 7 जून से मौसम साफ होने लगेगा और गर्मी बढ़ेगी। 9 और 10 जून को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश में 6 जून को कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 9 से 11 जून के बीच कुछ जगहों पर लू चलने की संभावना भी है। इसके बाद 10 और 11 जून के आसपास फिर से बारिश हो सकती है।

अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदलेगा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 6 जून को तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। झारखंड में 6 से 8 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदलता रहेगा। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा।