'हर राज्य में लागू होगा UCC', परिसीमन पर कांग्रेस-तेजस्वी को अनुराग ठाकुर ने घेरा

अनुराग ठाकुर ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके घर में बहनें छोड़कर चली गई हों, जिस परिवार में बेटी को हक ना मिला हो, जो भाई अपनी बहन को हक ना दे पाया हो वो देश की बहनों को क्या हक देगा।

Anurag Thakur
Anurag Thakur - फोटो : news4nation

अनुराग ठाकुर के दो बड़े बयान - डीलिमिटेशन UCC से लेकर EVM तक

Bihar News : भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को  डीलिमिटेशन, महिला आरक्षण और UCC पर विपक्ष को घेरा तो दूसरे ओर कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोकतंत्र और EVM को लेकर जमकर हमला बोला। अनुराग ठाकुर ने कहा कि NDA नहीं बल्कि INDI गठबंधन तितर-बितर हो गया है। INDI गठबंधन ना किसी नीति पर था और ना नेताओं की नियत ठीक थी। इन्होंने UPA के भ्रष्टाचार का चोला उतारकर INDI नाम अपनाया ताकि भ्रम पैदा कर सकें। नाम बदलने के बाद भी ये महिला विरोधी और भारत विरोधी रहे।


भारत की आबादी 1947 से चार गुना हो गई है तो क्या संसद की सीटें 50 फीसदी नहीं बढ़नी चाहिए, क्या महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं मिलना चाहिए। कांग्रेस इसका विरोध क्यों करती है, सिर्फ इसलिए कि महिलाएं आगे ना आएं। नेहरू-गांधी परिवार की इंदिरा जी, सोनिया जी, प्रियंका जी की टिकट तो पक्की है, उन्हें आरक्षण की जरूरत नहीं लेकिन आम महिलाओं को जो विधानसभा से लोकसभा तक योगदान देना चाहती हैं उन्हें कांग्रेस रोकती है।


तेजस्वी यादव पर तंज

तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके घर में बहनें छोड़कर चली गई हों, जिस परिवार में बेटी को हक ना मिला हो, जो भाई अपनी बहन को हक ना दे पाया हो वो देश की बहनों को क्या हक देगा। राहुल गांधी प्रियंका गांधी को आगे नहीं आने देते, यही हाल परिवारवादी पार्टियों में महिलाओं का है।


UCC हर राज्य में होगा लागू

उन्होंने UCC पर कहा कि जनसंघ से भाजपा तक हमने विचारधारा नहीं छोड़ी। धारा 370 हटाना, ट्रिपल तलाक, IPC-CRPC खत्म कर न्याय वाले कानून बनाना, महिला आरक्षण देना, हमने कहा और करके दिखाया। UCC उत्तराखंड से शुरू किया, हर राज्य में भाजपा इसे लागू करेगी।


राहुल पर बरसे 

अनुराग ठाकुर ने भाजपा के लोकतंत्र बचाओ - अराजकता हटाओ अभियान का जिक्र किया। कहा कि कांग्रेस जीतती है तो EVM ठीक है, इलेक्शन कमीशन ठीक है, हारती है तो EVM खराब। जिस पार्टी ने 64 साल संविधान की हत्या की हो, इमरजेंसी थोपी हो, जिसकी प्रधानमंत्री का चुनाव कोर्ट ने अयोग्य घोषित किया हो उससे बड़ी शर्म क्या होगी।


उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर पोलिंग बूथ लूटने के आरोप लगे थे, वो लोग आज वोट चोरी का आरोप लगाते हैं। राहुल गांधी विदेशी ताकत, विदेशी पैसा और विदेशी टूलकिट के दम पर संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करते हैं। दुनिया में जाकर भारत को डेड इकोनॉमी बोलते हैं जबकि दुनिया कह रही है भारत 7.2 फीसदी की दर से बढ़ रहा है और सबसे तेज बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है।

रंजीत की रिपोर्ट