परिसीमन से बिहार में सीटों का महाविस्तार! बिहार में बढ़ेंगी विधानसभा की 141 सीटें, लोकसभा सीटों में बड़ा बदलाव
परिसीमन की संभावित तस्वीर सामने आने के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। सीटों की संख्या बढ़ने का असर न सिर्फ राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति पर पड़ेगा, बल्कि आरक्षित सीटों का गणित और प्रतिनिधित्व की तस्वीर भी बदल सक
Bihar News : देश में प्रस्तावित परिसीमन बिहार की राजनीति का पूरा गणित बदल सकता है। अगर सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फॉर्मूला लागू होता है तो बिहार में लोकसभा की मौजूदा 40 सीटें बढ़कर 60 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की 243 सीटों की संख्या बढ़कर 364 तक पहुंचने का अनुमान है। यानी बिहार विधानसभा में 121 और लोकसभा में 20 सीटों का इजाफा हो सकता है। इतना ही नहीं, महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित होने की स्थिति में विधानसभा में 121 और लोकसभा में 20 सीटें महिलाओं के हिस्से में जा सकती हैं।
परिसीमन की संभावित तस्वीर सामने आने के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। सीटों की संख्या बढ़ने का असर न सिर्फ राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति पर पड़ेगा, बल्कि आरक्षित सीटों का गणित और प्रतिनिधित्व की तस्वीर भी बदल सकती है। हालांकि, ये आंकड़े संभावित गणना पर आधारित हैं। परिसीमन को लेकर अभी आधिकारिक सीटों का निर्धारण नहीं हुआ है।
विधानसभा में 121 और लोकसभा में 20 सीटें बढ़ने का अनुमान
प्रस्तावित फॉर्मूले के अनुसार बिहार में लोकसभा की सीटें 40 से बढ़कर 60 हो सकती हैं। इनमें सामान्य सीटों की संख्या 34 से बढ़कर 51 और अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें 6 से बढ़कर 9 हो सकती हैं। इस तरह लोकसभा में 20 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने का अनुमान है।
विधानसभा की बात करें तो मौजूदा 243 सीटें बढ़कर 364 हो सकती हैं। इनमें सामान्य सीटों की संख्या 203 से बढ़कर 304, अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें 38 से बढ़कर 57 और अनुसूचित जनजाति (ST) की सीटें 2 से बढ़कर 3 हो सकती हैं। संभावित गणना के मुताबिक विधानसभा में महिलाओं के लिए 121 सीटें आरक्षित हो सकती हैं।
आरक्षित सीटों का भी बदलेगा गणित
परिसीमन के बाद सबसे अहम बदलाव अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधित्व में देखने को मिल सकता है। फिलहाल बिहार में लोकसभा की 6 सीटें एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं, जो बढ़कर 9 हो सकती हैं। वहीं विधानसभा में एससी आरक्षित सीटें 38 से बढ़कर 57 होने का अनुमान है। इसी तरह विधानसभा में एसटी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 2 से बढ़कर 3 हो सकती है। हालांकि, आरक्षित सीटों की अंतिम संख्या का निर्धारण परिसीमन के दौरान इस्तेमाल होने वाले जनगणना के आंकड़ों और संबंधित कानूनी प्रावधानों के आधार पर होगा।
2008 के बाद पहली बार इतना बड़ा बदलाव संभव
बिहार में मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों का ढांचा वर्ष 2000 में झारखंड के अलग होने के बाद तय हुआ था। इसके बाद 2008 में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हुई और 2009 के लोकसभा चुनाव में नए परिसीमन के आधार पर चुनाव कराए गए। उस समय सीटों की कुल संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन कई निर्वाचन क्षेत्रों के नाम और उनकी सीमाएं बदल गई थीं। अब करीब दो दशक बाद एक बार फिर परिसीमन की चर्चा है। इस बार सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का संभावित फॉर्मूला लागू हुआ तो बिहार का संसदीय और विधानसभा प्रतिनिधित्व काफी बढ़ सकता है।
राज्यसभा और विधान परिषद की सीटें भी बढ़ने की संभावना
परिसीमन का असर केवल लोकसभा और विधानसभा तक सीमित रहने की संभावना नहीं है। बिहार में राज्यसभा की मौजूदा 16 सीटों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा बिहार विधान परिषद की वर्तमान 75 सीटों की संख्या भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन सभी सदनों की सीटों में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसका कोई निश्चित आंकड़ा फिलहाल सामने नहीं है।