25 वर्षों तक जनसेवा के लिए पीएम मोदी का राज्य मंत्रीपरिषद् ने जताया आभार, सीएम सम्राट चौधरी बोले-विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा बिहार

25 वर्षों तक जनसेवा के लिए पीएम मोदी का राज्य मंत्रीपरिषद् न
25 वर्षों तक जनसेवा के लिए पीएम मोदी का राज्य मंत्रीपरिषद् ने जताया आभार- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna :  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षो तक जनसेवा के लिए बिहार राज्य मंत्रिपरिषद ने आभार जताया है। वहीं  प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के सपने को साकार करने में बिहार अग्रणी भूमिका निभाने की बात की है।


 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए खुद इस बात की जानकारी दी। उन्होने बताया कि मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के निरंतर और यशस्वी कार्यकाल को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने सर्वसम्मति से तीन प्रमुख बिंदुओं पर अपनी सहमति व्यक्त की है। 


25 वर्षों के ऐतिहासिक जनसेवा कार्यकाल पर अभिनंदन

सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार के प्रमुख (मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक) के रूप में लगातार 25 वर्षों तक उत्कृष्ट जनसेवा और दूरदर्शी प्रशासनिक नेतृत्व का ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत करने पर बिहार मंत्रिपरिषद एवं बिहार की समस्त जनता की ओर से हार्दिक अभिनंदन किया गया है।


बिहार के विकास में सहयोग के लिए आभार

पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा बिहार के चहुंमुखी विकास, बुनियादी ढांचे और विभिन्न क्षेत्रों में दिए गए अभूतपूर्व सहयोग के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी और भारत सरकार के प्रति गहरी कृतज्ञता एवं आभार व्यक्त किया गया है।


'विकसित बिहार से विकसित भारत @ 2047' का संकल्प

मंत्रिपरिषद ने यह दृढ़ संकल्प लिया है कि राज्य और केंद्र की डबल इंजन सरकार के आपसी समन्वय से 'विकसित भारत @ 2047' के राष्ट्रीय लक्ष्य में बिहार को एक अग्रणी भागीदार बनाया जाएगा। साथ ही, राज्य में निवेश, रोजगार सृजन, नवाचार (Innovation) और सुशासन को नए आयाम देते हुए बिहार को एक प्रमुख केंद्र बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।


नरोत्तम की रिपोर्ट