देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की हुई नियुक्ति: ओम प्रकाश माथुर बने केरलम के गवर्नर, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को मिली तमिलनाडु की कमान

सिक्किम के राज्यपाल के रूप में कार्यरत भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को अब केरलम (केरल) का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। साथ ही 6 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की गयी है.....पढ़िए आगे

देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की हुई नियुक्ति: ओम प्रक
6 राज्यों में नए राज्यपाल - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी गई है। राष्ट्रपति भवन द्वारा सोमवार शाम को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई, जिसके तहत कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं को विभिन्न राज्यों की नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

ओम प्रकाश माथुर और राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्थानांतरण

जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल के रूप में कार्यरत भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को अब केरलम (केरल) का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक केरलम के राज्यपाल का दायित्व संभाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को स्थानांतरित कर तमिलनाडु का नया गवर्नर बनाया गया है।

ब्रज मोहन राम और डॉ. सुधा यादव को नई जिम्मेदारी

प्रशासनिक फेरबदल के इस क्रम में अन्य राज्यों में भी नियुक्तियां की गई हैं। ब्रज मोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. सुधा यादव को कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक की कमान सौंपी गई है, जहां वे राज्य की राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालेंगी।

उत्तराखंड और सिक्किम के लिए नियुक्तियां

इस फेरबदल के तहत डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, दुष्यंत गौतम को सिक्किम राज्य की जिम्मेदारी दी गई है, जो अब तक इस पद पर कार्यरत ओम प्रकाश माथुर का स्थान लेंगे। देश के विभिन्न राज्यों में राज्यपालों के इस प्रशासनिक फेरबदल को राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति भवन से अधिसूचना जारी होने के बाद सभी नवनियुक्त राज्यपाल जल्द ही अपने-अपने नए राज्यों में पदभार ग्रहण करेंगे।