Muzaffarpur News:निलंबित CO महेंद्र शुक्ला की बढ़ी मुश्किलें, 13 मई 2025 के जावेद हत्याकांड की नए सिरे से होगी निष्पक्ष जांच,पुलिस कप्तान ने बनाई SIT

तत्कालीन अंचलाधिकारी महेंद्र शुक्ला पर पुलिस ने एक बार फिर से शिकंजा कस दिया है और अब बीते दिनों मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हुए जावेद हत्याकांड मामले की दोबारा से जांच शुरू करने का आदेश पुलिस कप्तान के द्वारा दिया गया है

Javed murder case Muzaffarpur reinvestigation
मुजफ्फरपुर में जमीन कारोबारी जावेद हत्याकांड मामले में पुलिस कप्तान ने बनाई SIT- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर के मुसहरी के तत्कालीन अंचलाधिकारी (CO) महेंद्र शुक्ला की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पुलिस कप्तान द्वारा बीते दिनों मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित जावेद हत्याकांड मामले की नए सिरे से निष्पक्ष जांच करने का कड़ा आदेश जारी किया गया है। इस कदम से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन इस बहुचर्चित मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुट गया है।


फर्जी म्यूटेशन मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में हैं आरोपी CO

गौरतलब है कि फर्जी तरीके से 70 डिसमिल जमीन के म्यूटेशन मामले में जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन CO महेंद्र शुक्ला को पहले ही सरकार द्वारा निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने निलंबित अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मी करुणानिधि को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब पहले से ही जेल की हवा काट रहे महेंद्र शुक्ला पर एक नए और गंभीर दोहरे हत्याकांड मामले में कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।


दोहरे हत्याकांड में तत्कालीन अंचलाधिकारी की भूमिका संदिग्ध

यह पूरा मामला 13 मई 2025 की शाम मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला स्कूल के गेट के पास का है, जहाँ बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर जमीन कारोबारी जावेद और राजू नामक युवक की हत्या कर दी थी। इस घटना के पीछे जमीन विवाद सामने आया था। मृतक जावेद का ताल्लुक मुसहरी राजस्व कार्यालय से भी था और हत्या के बाद उसकी बाइक से कई सरकारी दस्तावेज बरामद हुए थे, जिससे तत्कालीन CO की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। हालांकि, उस समय न तो कोई अपराधी चिन्हित हो सका और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।


पुलिस कप्तान के कार्यालय पहुँचे लोग, निष्पक्ष जांच की मांग

हाल ही में मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा द्वारा जिले में भू-माफियाओं, निलंबित अंचलाधिकारियों और भ्रष्ट कर्मियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई से प्रभावित होकर मुसहरी अंचल के दर्जनों लोग पुलिस कप्तान के कार्यालय पहुँचे और उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही, ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष ने जावेद हत्याकांड मामले की भी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की जोरदार मांग की।


विशेष टीम का गठन और सख्त कार्रवाई की तैयारी

जनता की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। यह विशेष टीम अब जावेद हत्याकांड के हर पहलू की गहराई से छानबीन करेगी। न्यायिक हिरासत में बंद तत्कालीन अंचलाधिकारी पर इस नए खुलासे और दोबारा जांच के आदेश से कानूनी शिकंजा और अधिक कसता नजर आ रहा है।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट