Bihar News : काम में लापरवाही और उदासीनता पड़ी भारी, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने जूनियर इंजीनियर को किया सस्पेंड
Bihar News : कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने और कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने के मामले में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड में पदस्थापित कनीय विद्युत अभियंता सुजीत कुमार को निलंबित कर दिया है.....पढ़िए आगे
PATNA : कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, उपभोक्ता सेवाओं में अपेक्षित तत्परता नहीं बरतने तथा कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने के मामले में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के एक कनीय विद्युत अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित कनीय विद्युत अभियंता कुमारखंड (उतरी) में पदस्थापित सुजीत कुमार है। कार्य के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैये एवं कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के कारण उनके विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने स्पष्ट कहा कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा उपभोक्ता सेवाओं के प्रति उदासीनता किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं को बेहतर एवं समयबद्ध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऊर्जा विभाग एवं बिजली कंपनियों द्वारा आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। इन शिकायतों की गहन निगरानी की जा रही है तथा उनके समाधान के लिए सभी स्तरों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ऊर्जा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।