Bihar Politics: तेजस्वी यादव इस दिन जाएंगे केरल, विधानसभा चुनाव में बीजेपी को देंगे कड़ी टक्कर, बंगाल को लेकर क्या है प्लान जानिए

Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव केरल जाएंगे। केरल विधानसभा चुनाव में राजद के 3 उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे। यहां तेजस्वी के उम्मीदवार बीजेपी उम्मीदवार को सीधी टक्कर देंगे।

तेजस्वी यादव
तेजस्वी का केरल दौरा - फोटो : social media

Bihar Politics: राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अब बिहार से बाहर भी सियासी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में हैं। जानकारी के मुताबिक, वे जल्द ही दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल का दौरा कर सकते हैं। जहां पार्टी के विस्तार और गठबंधन को लेकर अहम रणनीति बनाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव सबसे पहले दिल्ली जाएंगे। जहां पार्टी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद उनका केरल दौरा प्रस्तावित है। 

केरल में BJP से सीधी टक्कर की तैयारी

बताया जा रहा है कि केरल में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) तीन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर बातचीत जारी है। केरल दौरे के दौरान तेजस्वी यादव पार्टी उम्मीदवारों और नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति तय कर सकते हैं। माना जा रहा है कि यहां भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ राजनीतिक मुकाबले को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।

बंगाल में ममता को समर्थन

केरल के बाद तेजस्वी यादव का पश्चिम बंगाल दौरा भी प्रस्तावित है। यहां वे ममता बनर्जी को समर्थन दे सकते हैं। हालांकि, उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी बंगाल में चुनाव नहीं लड़ेगी। इसके बावजूद सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी यादव बंगाल में सीमित सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा कर सकते हैं। 

राजनीतिक विस्तार पर फोकस

इस सिलसिले में ममता बनर्जी से उनकी मुलाकात भी हो सकती है, जो आने वाले समय में सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। तेजस्वी यादव का यह संभावित दौरा राष्ट्रीय स्तर पर आरजेडी के विस्तार और विपक्षी दलों के साथ तालमेल की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट