Munger Crime: मुंगेर में दुर्गा पूजा के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो घायल

Munger Crime: मुंगेर में दुर्गा पूजा के दौरान स्टॉल मालिक और ग्राहक के बीच विवाद हो गया, जो चाकूबाजी में बदल गई। इस दौरान 2 लोग घायल हो गए।

Munger Crime
मुंगेर में चाकूबाजी की घटना से दहशत!- फोटो : news4nation

Munger Crime:   मुंगेर जिले के बिनवाड़ा मोहल्ले में शनिवार (28 मार्च 2026) की रात दुर्गा पूजा के दौरान एक मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। यहां एक स्टॉल लगाने वाले दुकानदार और ग्राहक के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच चाकूबाजी हो गई, जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बिनवाड़ा के रहने वाले राकेश कुमार ने दुर्गा पूजा में ठंडा, कोल्ड ड्रिंक और अन्य चीजों का स्टॉल लगाया था। शनिवार देर रात सूरज सिंह नाम का एक युवक उसके स्टॉल पर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया।

घटना को लेकर अलग-अलग बात

इस घटना को लेकर दोनों पक्ष अलग-अलग बातें बता रहे हैं। दुकानदार का कहना है कि सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जबकि ग्राहक का कहना है कि बोतल बंद पानी के पैसे को लेकर झगड़ा शुरू हुआ और फिर मारपीट हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़ा कैसे शुरू हुआ और इसमें कौन दोषी है। इलाके में इस घटना के बाद लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट