पनोरमा स्टार 2026 : बॉलीवुड एक्टर चंकी पांडेय ने बांधा समा, कलाकारों के साथ झूमा छातापुर

पनोरमा स्टार 2026 : पूर्णिया के होटल बंधन के कैंपस में उमड़े भीड़ के बीच बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडेय की प्रस्तुति ने समा बांध दिया. इस मौके पर अन्य कई कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी.......पढ़िए आगे

पनोरमा स्टार 2026 : बॉलीवुड एक्टर चंकी पांडेय ने बांधा समा,
चंकी पांडेय ने बांधा समां - फोटो : SOCIAL MEDIA

PURNEA : पनोरमा स्टार-2026 के दूसरे दिन होटल बंधन के कैंपस में उमड़े भीड़ के बीच बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडेय की प्रस्तुति ने समा बांध दिया। लाल दुप्पटे वाली तेरा नाम तो बता, सात समंदर पार मै तेरे पीछे पीछे आ गया जैसे गानों पर लोगो को झुमा दिया। इस मौके पर लोगो को संबोधित करते हुए पाण्डेय ने कहा कि छातापुर के लोगो से मिले प्यार से अभिभूत हूं। जब भी बिहार आता हूं यहां के लोगों का भरपूर प्यार मिलता है। मुझे बिहार के मिट्टी से प्यार है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों के बच्चों को बड़े मंच देने के लिए पनोरमा ग्रुप को धन्यवाद भी दिया। वही सोशल मीडिया के चर्चित हास्य कलाकार राज सोनी ने रोमियो के साथ प्रस्तुति देकर बच्चों को खूब गुदगुदाया। सुर संग्राम फेम अमर आनंद और प्रिया राज ने ऊर्जा काले कौवा तेरे, मिथिला नगरिया नेहाल सखिया जैसे गाने से लोगो को झुमाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व पनोरमा ग्रुप के चेयरमैन ने इस अवसर पर अपने संबोधन में चेयरमैन संजीव मिश्रा ने कहा कि पनोरमा स्टार कार्यक्रम पिछले आठ वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को छातापुर में आयोजित करने के पीछे विशेष सोच यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को भी बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बल्कि जरूरत है सही मंच और मार्गदर्शन की।

मिश्रा ने कहा कि पनोरमा समूह का संकल्प “सुंदर, शिक्षित और समृद्ध छातापुर” को साकार करना है, और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस बार पनोरमा स्टार में विशेष रूप से छातापुर के स्थानीय बच्चों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि वे अपने ही क्षेत्र में अपनी कला का प्रदर्शन कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। हालांकि, पूर्व वर्षों में इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के प्रतिभागी शामिल होते रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आगामी वर्षों में इस कार्यक्रम का विस्तार और अधिक बड़े स्तर पर किया जाएगा तथा विभिन्न अन्य विधाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इस दौरान पनोरमा स्टार के तहत नृत्य, गायन एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं के लिए ऑडिशन में चयनित हुए छात्र-छात्राओं को पारितोषिक, मोमेंटो और सर्टिफिकेट मुख्य अतिथि चंकी पांडे के द्वारा दिया गया । कार्यक्रम के जज सूरज साहनी थे। 

 इसी क्रम में रामपुर स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल का छठा वार्षिकोत्सव भी मनाया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार थापा ने बताया कि विद्यालय न केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर बल देता है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक वर्ष टैलेंट हंट जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन करता है। इस वर्ष भी विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने पनोरमा स्टार के लिए चयनित होकर स्कूल का नाम गौरवान्वित किया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ रेजा फैजी, अंशु जयसवाल और विकास कुमार ने किया ।