Bihar Politics: 'काम करिए, विजन बताइए', तेजस्वी यादव ने नए सीएम सम्राट चौधरी पर साधा निशाना, बताई BJP की मंशा
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नए सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है। उन्होंने महिला आरक्षण बिल संसद में पारित नहीं होने को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन होने के साथ ही एक ओर जहां सीएम सम्राट चौधरी एक्शन में हैं तो वहीं दूसरी तरफ विपक्ष नई सरकार पर हमलावर है। इसी बीच तेजस्वी यादव ने बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर हमला बोलते हुए कहा कि, इलेक्टेड मुख्यमंत्री को हटाकर सिलेक्टेड मुख्यमंत्री बनाया गया है। हालांकि उन्होंने औपचारिक रूप से सम्राट चौधरी को बधाई भी दी, लेकिन साथ ही सरकार से काम करने और नतीजे दिखाने की मांग की।
तेजस्वी ने बोला हमला
उन्होंने कहा कि अब सरकार को बिजली दर, महिलाओं से जुड़े फैसले और विकास के मुद्दों पर स्पष्टता देनी चाहिए। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में फैसले प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के प्रभाव में लिए जा रहे हैं और जो हम पहले कहते थे, वही अब हो रहा है। शराबबंदी कानून को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर भी उन्होंने सवाल उठाया।
कहानी नहीं काम करें
तेजस्वी ने कहा कि, कहानी की जरूरत क्यों पड़ रही है, काम करके दिखाइए। उन्होंने बिहार की आर्थिक स्थिति और विकास को लेकर भी सरकार से रोडमैप पेश करने को कहा और पूछा कि राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में कब तक लाया जाएगा। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को आरक्षण देना नहीं, बल्कि संविधान में बदलाव करना है।
महिला आरक्षण कानून
तेजस्वी ने कहा कि पहले से पारित महिला आरक्षण कानून को लागू किया जाना चाहिए और साथ ही ओबीसी वर्ग को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ओबीसी आरक्षण को लेकर उसकी क्या योजना है, क्योंकि इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।
जल्दी जल्दी बिल लागू कराना चाह रही सरकार
तेजस्वी यादव ने कहा कि इसे रोकना जरूरी था जो महिला बिल पहले पास हुआ है उसे बिल को पास कर दीजिए, उस बिल को लागू कर दीजिए और ओबीसी को आरक्षण दीजिए। हम लोगों ने यही कहा कि ओबीसी को आरक्षण देने के लिए आप क्या कर रहे हैं बताइए? सरकार ने कुछ नहीं बताया। तेजस्वी ने दावा किया कि, इनकी मनसा यही थी कि पांच राज्यों में चुनाव हो इसी दौरान यह बिल लाया जाए और जल्दी से संविधान संशोधन पास कर लिया जाए और कल के संविधान को बदल दिया जाए।
पटना से रंजन की रिपोर्ट