Patna City News:गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, 12 साल के किशोर की डूबकर मौत

पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय अंश कुमार की डूबकर मौत हो गई। गहराई का आकलन न कर पाने के कारण किशोर हादसे का शिकार हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Patna City after child drowned in Ganga
गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ गंगा नदी में स्नान करने के दौरान एक किशोर गहराई का अंदाजा नहीं पाने के कारण डूब गया। मृतक की पहचान 12 वर्षीय अंश कुमार के रूप में हुई है, जो विश्वनाथ राय का पुत्र था।

कैसे हुई घटना?

मिली जानकारी के अनुसार, अंश अकेले ही गंगा स्नान के लिए घाट पर गया था। नदी में उतरने के दौरान वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूबने लगा। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, आसपास कोई मौजूद नहीं था। इसी बीच किसी व्यक्ति ने उसे पानी से बाहर निकाला और रेती (बालू) पर लेटाकर वहाँ से चला गया। काफी देर बाद जब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, तब उन्हें अंश के डूबने की जानकारी मिली।

परिजनों में मचा कोहराम

आनन-फानन में परिजन अंश को लेकर अस्पताल पहुँचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँच गई है और मामले की छानबीन कर रही है।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार