Bihar Politics: तेजस्वी यादव बने राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, लालू यादव ने की घोषणा
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजद के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं। लालू यादव ने मंच से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ऐलान किया है कि तेजस्वी राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष होंगे।
Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल को पहली बार अपना राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मिला है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजद सुप्रीमो लालू यादव ने तेजस्वी यादव को राजद का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया है। लालू यादव ने ऐलान किया है कि राजद के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव होंगे। राजद के अब बड़े फैसले तेजस्वी यादव ही लेंगे। बता दें कि, तेजस्वी यादव राजद के पहले राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनें हैं।

तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद मंच से सभी का अभिवादन किया। साथ ही अपने माता-पिता का आशीर्वाद भी लिया। लालू यादव-राबड़ी देवी ने अपने बेटे को आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। साथ ही लालू यादव ने तेजस्वी यादव को सर्टिफिकेट भी दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया ऐलान
राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने का औपचारिक ऐलान किया। बैठक में यह प्रस्ताव राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने लालू प्रसाद यादव के निर्देश पर रखा, जिस पर कार्यकारिणी के सदस्यों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से समर्थन दिया।

क्यों किया गया चयन
लालू प्रसाद यादव की अस्वस्थता को देखते हुए पार्टी ने पहली बार कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव को अध्यक्ष की सभी शक्तियां सौंप दी गई हैं। एक वरिष्ठ राजद नेता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बैठक में मौजूद लगभग सभी नेताओं की मांग थी कि अब तेजस्वी यादव को संगठन की पूरी जिम्मेदारी दी जाए। नेताओं का मानना था कि तेजस्वी यादव ही अब बिहार और राजद दोनों के भविष्य हैं।

लालू ने सौंपा नियुक्ति पत्र
इसके बाद तेजस्वी यादव को सर्वसम्मति से पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। लालू प्रसाद यादव ने स्वयं तेजस्वी यादव को नियुक्ति का प्रमाण-पत्र सौंपा। वहीं, राजद ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट कर तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की जानकारी साझा करते हुए पार्टी में “नए युग” की शुरुआत की बात कही।

शीर्ष पद पर बने हुए हैं लालू
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राजद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाने का फैसला किया था। तब यह संकेत दिए गए थे कि बैठक में नेतृत्व से जुड़े अहम फैसले लिए जा सकते हैं। उसी कड़ी में अब तेजस्वी यादव को पार्टी की कमान सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि 1997 में जनता दल से अलग होकर राजद की स्थापना करने वाले लालू प्रसाद यादव पार्टी की स्थापना के बाद से ही शीर्ष पद पर बने हुए थे। हालांकि पार्टी में लालू प्रसाद यादव की सर्वोच्चता निर्विवाद रही है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना था कि 80 वर्ष से अधिक आयु और खराब स्वास्थ्य के कारण संगठन के रोजमर्रा के कामकाज के लिए दूसरी पंक्ति के नेतृत्व की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए 20 से अधिक प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पहले ही पटना पहुंच चुके थे।
पटना से रंजन की रिपोर्ट