दिल्ली में तेजस्वी ने खोला मोर्चा, CEC पर सीधा वार, रामलीला मैदान से ललकार
INDIA गठबंधन में शामिल सभी राजनीतिक दल वोटों की कथित चोरी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है।
Tejashwi Yadav : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में विपक्षी INDIA गठबंधन ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। रैली में शामिल बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर बैठे होने के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त वोटों की चोरी करवा रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि देश में लोकतंत्र को कमजोर करने और संविधान को कुचलने की कोशिश की जा रही है।
'लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए एकजुट हुआ विपक्ष'
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि रामलीला मैदान में आयोजित महारैली को आम जनता का समर्थन मिल रहा है। INDIA गठबंधन में शामिल सभी राजनीतिक दल वोटों की कथित चोरी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है। यह देश, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। तेजस्वी के मुताबिक, नागरिकों के अधिकारों को प्रभावित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ सभी विपक्षी दल एक मंच पर आए हैं।
CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठकर वोटों की चोरी करवाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे को लेकर जनता में नाराजगी है। तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास करने वाले लोग लंबे समय तक टिक नहीं पाएंगे।
दरअसल, INDIA गठबंधन की इस महारैली का प्रमुख मुद्दा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR के नाम पर मतदाता सूची से योग्य लोगों के नाम हटाए जा सकते हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार प्रभावित होंगे। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है। वहीं, चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया का बचाव करते हुए SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों को गलत बताया है।
कई विपक्षी दलों के नेता हुए शामिल
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में कांग्रेस, राजद, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों समेत INDIA गठबंधन के घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के तहत मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च भी निकाला गया।
विपक्षी दलों ने इस आयोजन के जरिए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची की शुद्धता और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। रैली में तेजस्वी यादव के बयान को बिहार की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि बिहार में SIR को लेकर पहले भी विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच तीखी बयानबाजी हो चुकी है।