बर्थडे पार्टी में बुलाकर आर्केस्ट्रा डांसर के साथ गैंगरेप मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
नालंदा जिले में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस में मामले शामिल 4 आरोपियों को धर दबोचा है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश मे जुटी है....
Nalanda : जिले के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी मोहल्ले में एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बर्थडे पार्टी के नाम पर आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो डांसर युवतियों को एक किराए के कमरे में बुलाया गया, जहां एक युवती के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि पार्टी में शामिल युवकों में से दो ने उसके साथ बारी-बारी से जबरन दुष्कर्म किया।
*कमरे में बुलाई गईं थीं दो युवतियां, पार्टी के दौरान दो युवकों ने बनाया शिकार*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी मोहल्ले के एक मकान में कुछ युवक किराए पर रहते हैं। इनमें से एक युवक के जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें डांस के लिए दो आर्केस्ट्रा डांसरों को बुलाया गया था। पीड़िता के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान किसी कारणवश दूसरी युवती वहां से चली गई। इसके बाद कमरे में मौजूद युवकों में से दो ने उसके साथ इस घृणित कृत्य को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
डीएसपी और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य*
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी वन अमरनाथ और लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस ने पीड़िता को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने ले आई।
चार आरोपी गिरफ्तार, शेष की धरपकड़ के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी*
सदर डीएसपी वन अमरनाथ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस पूरी घटना में कुल आठ लोग शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में बिना पुलिस सूचना के आयोजन पर उठे सवाल, वीडियो वायरल
इस घटना ने शहर के घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किराए के मकानों में चल रही गतिविधियों और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस को इस तरह के आयोजन की कोई भनक तक नहीं थी। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ महिलाएं और युवतियां एक युवक को पकड़कर पीटती नजर आ रही हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
राज की रिपोर्ट