Bihar Vidhansabha Session : 'पगड़ी संभाल के रखें सम्राट चौधरी', सदन में विजय सिन्हा का नाम लेकर तेजस्वी ने सीएम को क्या कह दिया जानिए
Bihar Vidhansabha Session : तेजस्वी ने कहा कि अगर पहले ही तय था कि मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा, तो इस सत्र की जरूरत नहीं पड़ती। भाजपा ने 25 से 30 बोलकर नीतीश को फिनिश कर दिया।
Bihar Vidhansabha Session : बिहार विधानसभा के एकदिवसीय विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। सम्राट सरकार की ओर से विश्वास मत प्रस्ताव किया गया है, जिसपर तेजस्वी यादव अपनी बात रख रहे हैं। इस दौरान तेजस्वी यादव ने विजय सिन्हा का नाम लेकर सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला। तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को चेताते हुए कहा है कि अपना पगड़ी संभाल के रखिएगा अब उसपर विजय सिन्हा की नजर है।
पगड़ी संभाल के रखे सम्राट
दरअसल, तेजस्वी यादव सम्राट के सीएम बनने पर बयान दे रहे थे इस दौरान उन्होंने जिक्र किया कि कैसे सम्राट चौधरी ने कहा था कि वो तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार को कुर्सी से हटा कर ही अपनी पगड़ी हटाएंगे, हालांकि एनडीए की सरकार बनने के बाद सम्राट चौधरी ने अपना पगड़ी उतार दिया था, इसको याद दिलाते हुए तेजस्वी ने कहा कि, सम्राट चौधरी सही मायने में अब ही अपना संकल्प पूरा किए हैं, लेकिन अपना पगड़ी संभाल के ही रखे क्यों अब उस पगड़ी पर विजय सिन्हा की नजर है।
परिवारवाद का लगाया आरोप
तेजस्वी यादव ने परिवारवाद के मुद्दे पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अब उन पर परिवारवाद का आरोप नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि शकुनी चौधरी के बेटे सम्राट चौधरी खुद विधायक से डिप्टी सीएम और फिर मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद पुराने बयानों के कारण ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया।
विशेष पैकेज लेकर आएंगे
तेजस्वी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार के लिए विशेष पैकेज की मांग करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी आगे आगे चलें हम सब उनके साथ हैं उनके साथ चलेंगे और बिहार के लिए विशेष पैकेज लेकर आएंगे।
बिहार सबसे गरीब राज्य
तेजस्वी ने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट में बिहार सबसे गरीब राज्य है। शिक्षा, स्वास्थ्य के मामले में हम फिसड्डी हैं। चुनाव के पहले हजारों करोड़ लोन लिए गए। 2005 में बिहार सरप्लस स्टेट था। आज बिहार पर चार लाख करोड़ का कर्ज है। पेंशन के लिए पैसा नहीं है। जब पैसा नहीं रहेगा तो काम कैसे करेंगे। खजाना खाली है। देश के पांच अव्वल राज्यों में बिहार कैसे आए, इस काम में हम सरकार को सहयोग करेंगे। नीति बनाएं तो विपक्ष से सलाह लें।
सरकार में एक भी ओरिजिनल BJP नहीं
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार में कोई “ओरिजिनल बीजेपी” नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि कई नेता अलग-अलग पार्टियों से आए हैं, जिससे मूल कार्यकर्ताओं में असंतोष है। विश्वास मत पर जारी बहस के बीच तेजस्वी यादव के इन आरोपों ने सियासी माहौल को और गरमा दिया है, जबकि सत्ता पक्ष इन दावों को खारिज कर रहा है।