Bihar Crime: महाराष्ट्र का शातिर ज्वेलरी लुटेरा बिहार में हुआ बेनकाब, 50 तोला सोना लेकर हुआ था नौ दो ग्यारह

Bihar Crime:ज्वेलरी की दुकान चलाने वाला आरोपी करीब 50 तोला सोना और लगभग 700 ग्राम चांदी लेकर रफूचक्कर हो गया था।...

Bihar Crime: महाराष्ट्र का शातिर ज्वेलरी लुटेरा बिहार में हु
ज्वेलरी लूटेरा गिरफ्तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

Kaimur : महाराष्ट्र के मालवानी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विश्वास की आड़ में एक शातिर दुकानदार ने लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर दिया। ज्वेलरी की दुकान चलाने वाला आरोपी करीब 50 तोला सोना और लगभग 700 ग्राम चांदी लेकर रफूचक्कर हो गया था। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से धर-दबोचा है।

आरोपी की पहचान सहेजना गांव निवासी स्वर्गीय नरेंद्र दुबे के पुत्र प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है। प्रियांशु महाराष्ट्र के मालवानी इलाके में ज्वेलरी की दुकान चलाता था। लोगों ने अपनी जरूरत के वक्त सोने के आभूषण उसकी दुकान पर गिरवी रखे थे, लेकिन नियत खराब होने पर प्रियांशु ने जनवरी 2026 में उन कीमती जेवरातों को समेटा और फरार हो गया। इस मामले में 12 पीड़ित लोगों ने एकजुट होकर मालवानी थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मालवानी थाना कांड संख्या 98/26 के तहत जांच शुरू की।

फरार आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस की टीमें लगातार खाक छान रही थीं। इस बीच, खुफिया तंत्र से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहनिया का रुख किया। स्थानीय पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर महाराष्ट्र पुलिस ने सहेजना गांव में घेराबंदी की और आरोपी प्रियांशु को दबोच लिया। कानून के शिकंजे में आते ही उसका सारा अहंकार चकनाचूर हो गया।

इस बाबत मोहनिया के एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि, "महाराष्ट्र के मलवानी थाना क्षेत्र से सहेजना गांव निवासी प्रियांशु दुबे बड़ी मात्रा में सोना-चांदी लेकर फरार हो गया था। भुक्तभोगियों के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। कांड संख्या 98/26 की तहकीकात के दौरान मोहनिया पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।" महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे अपने साथ ले गई है। इस गिरफ्तारी ने उन 12 पीड़ितों की उम्मीद जगा दी है, जिन्होंने अपने गहने खो दिए थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात में कोई और भी तो शामिल नहीं था?

रिपोर्ट- देव तिवारी