जोश और जुनून के साथ मोकामा में हुआ खेल महोत्सव, बच्चों ने दिखाया जोरदार दमखम

चंदन कुमार ने बताया कि इस तरह के खेल आयोजनों का उद्देश्य केवल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास करना भी है।

Sports festival
Sports festival- फोटो : news4nation

Mokama : मोकामा में बच्चों के खेल कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को भव्य खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूर्य नारायण घाट मंदिर मैदान में आयोजित हुआ, जिसका संचालन एम.बी.टी.सी. कोचिंग सेंटर के शिक्षक चंदन सर द्वारा किया गया। महोत्सव की शुरुआत सुबह 6 बजे हुई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


खेल महोत्सव में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, रस्साकस्सी, गोला फेंक, मटका फोड़, बोड़ा दौड़, चम्मच दौड़, साइकिल रेस, ऊँची कूद, लंबी कूद, रिले रेस और तीन टांग दौड़ जैसी रोमांचक गतिविधियाँ शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


चंदन कुमार ने बताया कि इस तरह के खेल आयोजनों का उद्देश्य केवल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास करना भी है। खेलों के माध्यम से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।


महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में बच्चों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।


कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को जारी रखने की बात कही, ताकि बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिल सके।