Bihar Crime News : वैशाली में चल रहे बड़े जुआ अड्डे का पुलिस ने किया भंडाफोड़, 8 जुआरियों को रंगे हाथ दबोचा
Bihar Crime News : वैशाली में जुआ खेलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 8 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस ने मोबाइल और नगद बरामद किया है.......पढ़िए आगे
VAISHALI : जिले के देसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौवतपुर गांव में पुलिस ने एक बड़े जुआ सिंडिकेट के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईओ (DIO), क्यूआरटी (QRT) और स्थानीय थाना की संयुक्त टीम ने मिलकर अंजाम दी। रविवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस को लंबे समय से इलाके में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिल रही थी।
एसपी के निर्देश पर डीआईओ और क्यूआरटी ने की थी रेकी
एसडीपीओ ने बताया कि सुल्तानपुर और मुरौवतपुर के बगीचों में जुआ होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने कई दिनों तक इलाके में सादे लिबास में रेकी की, ताकि जुआरियों के भागने के सभी रास्ते बंद किए जा सकें। शनिवार को जब जुआ पूरे शबाब पर था, तभी पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी।
मौके से कई बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस की इस अचानक दबिश से मौके पर भगदड़ मच गई। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेरा तोड़कर भाग रहे 8 लोगों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने जुआरियों के पास से कई मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और मौके पर खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। पुलिस अब इन बाइकों के कागजातों की भी जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि कहीं इनमें से कोई वाहन चोरी का तो नहीं है।
महनार और खरजम्मा के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य रूप से महनार और आसपास के क्षेत्रों के रहने वालों के रूप में हुई है। पकड़े गए लोगों में राकेश कुमार, बंजारी राय, राजेश उर्फ गोलू, धर्मेंद्र कुमार, कर्पूरी महतो, मुकेश कुमार, मोहम्मद मुस्ताख और मंटू कुमार शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अड्डे पर रोजाना लाखों रुपयों का दांव लगाया जाता था और बाहर से भी लोग यहाँ जुआ खेलने पहुँचते थे।
जेल भेजे गए सभी आरोपी, आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा। गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उन सफेदपोशों की भी तलाश कर रही है जो इन जुआरियों को संरक्षण दे रहे थे। आगामी दिनों में अन्य संदिग्ध इलाकों में भी छापेमारी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऋषभ की रिपोर्ट