Bihar News: प्यार, धोखा और फिर...नाबालिग को प्यार के जाल में फंसाकर किया प्रेग्नेंट, फिर अपनी ही औलाद का किया सौदा, पटना में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात!

Bihar News: राजधानी पटना से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर पहले उसे युवक ने गर्भवती किया फिर उसका अपहरण कर उसकी बच्ची का सौदा कर दिया...

गर्भवती
प्यार..धोखा और फिर मासूम का सौदा! - फोटो : social media

Bihar News:  पटना से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहाँ मानवता को शर्मसार करने वाली घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। एक दरिंदे ने पहले तो एक नाबालिग लड़की को अपने प्यार के झूठे जाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब लड़की गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे अकेला छोड़ने के बजाय और भी खौफनाक साजिश रची। दरअसल, पूरा मामला पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का है। जहां नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 

मासूम का किया सौदा 

जांच में सामने आया कि प्रेमी ने गर्भवती हुई नाबालिग की अवैध सर्जरी कराई और जन्मी नवजात बच्ची को बेचने की साजिश रची गई। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को गर्दनीबाग थाना में एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को अनीसाबाद स्थित संजीवनी क्लीनिक से बरामद कर लिया।

प्रेम जाल में फंसाकर बनाया शिकार

जांच में सामने आया कि पुलिस कॉलोनी निवासी राहुल कुमार (23) ने नाबालिग को प्रेम जाल में फंसा लिया था। दोनों के बीच संबंध के दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई। जब यह बात सामने आई तो राहुल कुमार ने अपनी मां लक्ष्मी देवी के साथ मिलकर साजिश रची और 2 मार्च को नाबालिग को अगवा कर अनीसाबाद स्थित संजीवनी क्लीनिक ले गया।

अवैध तरीके से कराई सर्जरी

पुलिस जांच में पाया गया कि क्लीनिक में नाबालिग की सर्जरी कराई गई, जिसके बाद उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि क्लीनिक के रजिस्टर में सर्जरी से संबंधित कोई प्रविष्टि नहीं थी और न ही कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा नाबालिग का ऑपरेशन किसी स्त्री रोग विशेषज्ञ की बजाय एक सर्जन द्वारा किया गया, जो पूरी तरह अवैध है। पुलिस के अनुसार संबंधित क्लीनिक भी पंजीकृत नहीं पाया गया।

नवजात को बेचने की साजिश

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बच्ची के जन्म के बाद आरोपी राहुल कुमार और उसकी मां उसे अपने पास नहीं रखना चाहते थे। इसी दौरान क्लीनिक संचालक राकेश कुमार सिन्हा ने नवजात बच्ची को बेचने की साजिश रची और उसे छिपाकर रखा। इस मामले की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लीनिक से नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया।

पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई

इस मामले में पुलिस ने राहुल कुमार, उसकी मां लक्ष्मी देवी और संजीवनी क्लीनिक के संचालक राकेश कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में जेल भेज दिया है। सचिवालय डीएसपी डॉ. अनु ने बताया कि राहुल कुमार लंबे समय से किशोरी के साथ संबंध बना रहा था, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। जब वह करीब सात महीने की गर्भवती हो गई, तब आरोपित ने उसे अगवा कर अवैध सर्जरी करवाई। पुलिस ने संजीवनी क्लीनिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन और जिला प्रशासन को पत्र भेज दिया है। साथ ही नाबालिग की सर्जरी करने वाले सर्जन और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट