Bihar News: समता पार्टी के संस्थापक सतीश कुमार लड़ रहे जिंदगी की जंग! ब्रेन हेमरेज के बाद डॉक्टरों ने दिया जवाब, सीएम नीतीश से है खास रिश्ता
Bihar News: समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल और अस्थावां के पूर्व विधायक सतीश कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। ब्रेन हैमरेज होने के बाद उन्हें आनन-फानन में पटना के फोर्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सतीश कुमार को अचानक ब्रेन हैमरेज हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं। इस घटना के बाद परिवार के लोग काफी सदमे में हैं।
सीएम नीतीश से खास रिश्ता
सतीश कुमार को कुर्मी चेतना रैली के सूत्रधारों में भी गिना जाता है। इसी रैली के दौरान दिए गए भाषण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहचान बड़े नेता के रूप में उभरी थी। सूत्रों की मानें तो डॉक्टरों ने जवाब दे दिया है। माना जा रहा है कि सीएम नीतीश भी सतीश कुमार से मुलाकात कर सकते हैं। सतीश कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पटना के फोर्ड हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से मुलाकात कर सतीश कुमार के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से भी बातचीत की।

उपेंद्र कुशवाहा ने की मुलाकात
उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर ट्विट कर लिखा कि, "समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक, अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री सतीश कुमार जी के ब्रेन हैमरेज की दुखद सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचकर परिजनों एवं चिकित्सक से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली एवं अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना की"। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया जारी है।