सम्राट चौधरी जाएंगे गुवाहाटी, असम में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण में होंगे शामिल, एक महीने
15 अप्रैल को खुद सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं 9 मई को बंगाल में बीजेपी सरकार बनी जबकि अब असम में भाजपा के सीएम का शपथ होगा यानी एक महीने में तीसरी भाजपा सरकार।
Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 11 मई को गुवाहाटी के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री नई असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह में भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला है। इसके साथ ही राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर हिमंत बिस्वा सरमा पर भरोसा जताया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले वे कोलकाता में भाजपा नेता शुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे। वहीं 15 अप्रैल को खुद सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
ऐसे में एक महीने के भीतर यह तीसरा राज्य होगा, जहां भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह से सम्राट चौधरी जुड़ेंगे। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा शासित राज्यों के बीच बढ़ते समन्वय और पार्टी नेतृत्व की एकजुटता के संकेत के रूप में देख रहे हैं।
भाजपा के लिए असम का यह चुनाव परिणाम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पूर्वोत्तर में पार्टी लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। शपथ ग्रहण समारोह में कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।