Bihar News : बगहा पुलिस का बड़ा एक्शन, अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के 4 सदस्यों को किया गिरफ्तार, चोरी की 3 बाइक किया बरामद
BETTIAH : बगहा पुलिस ने क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को दबोचने में सफलता पाई है। इनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से उड़ाई गई थीं। प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि यह कामयाबी पुलिस की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से संभव हो सकी है।
घटनाक्रम के अनुसार, 8 मई की रात मस्तान टोला निवासी अफरोज आलम के घर से एक सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी हुई थी, जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड पर थी। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच 9 मई की रात आनंदनगर वार्ड-16 में स्थानीय लोगों ने तीन संदिग्ध युवकों को एक एचएफ डीलक्स बाइक के साथ भागते देखा और पुलिस को सूचना दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार, संदीप कुमार, प्रिंस कुमार और अनुज कुमार के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं और आसपास के इलाकों में रेकी कर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सेमरा थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक बजाज प्लेटिना और मस्तान टोला से चोरी हुई सुपर स्प्लेंडर भी बरामद कर ली है।
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि पकड़े गए आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इनके पास से बरामद बाइक के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि चोरी की गई गाड़ियों को ये तस्कर कहाँ और किसे बेचते थे। इस सफल उद्भेदन के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरे भी बेनकाब होंगे। इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और बाइक मालिकों ने राहत की सांस ली है, वहीं अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
आशीष की रिपोर्ट